योगी आदित्यनाथ का टोक्यो में भव्य स्वागत, यूपी में निवेश के लिए जापानी कंपनियों से अहम बैठकें

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath का जापान की राजधानी Tokyo पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। यामानाशी प्रीफेक्चर के वाइस गवर्नर जुनिची इशिडेरा और प्रवासी भारतीयों ने उनका अभिनंदन किया। इस दौरे का उद्देश्य उत्तर प्रदेश में निवेश आकर्षित करना और औद्योगिक सहयोग को मजबूत करना है।
कोनोइक ट्रांसपोर्ट कंपनी के साथ बैठक
टोक्यो पहुंचने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री ने Konoike Transport Co., Ltd. के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। बैठक में सीनियर मैनेजिंग एग्जीक्यूटिव ऑफिसर शिगेकी तनाबे भी मौजूद रहे। इस दौरान प्रदेश में लॉजिस्टिक्स पार्क, वेयरहाउस और मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश बढ़ाने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और मेडिकल डिवाइस पार्क का लाभ उठाते हुए मेडिकल डिवाइस निर्माण क्षेत्र में निवेश के अवसरों की जानकारी दी।
इंफ्रास्ट्रक्चर और ऑटो सेक्टर में सहयोग पर जोर
मुख्यमंत्री ने Mitsui & Co. के प्रतिनिधियों से बुनियादी ढांचा निर्माण में सहयोग पर चर्चा की। साथ ही मोटर वाहन और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में संभावनाओं को लेकर Honda Motor Co., Ltd. और Suzuki Motor Corporation के शीर्ष नेतृत्व से भी मुलाकात की।मुख्यमंत्री ने Japan External Trade Organization के चेयरमैन इशिगुरो नोरिहिको से भी मुलाकात की और व्यापारिक साझेदारी बढ़ाने पर चर्चा की।अपने संबोधन में उन्होंने उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को दोहराया और राज्य की औद्योगिक नीतियों व मजबूत आधारभूत ढांचे पर प्रकाश डाला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास जापानी निवेशकों के लिए ‘जापान इंडस्ट्रियल सिटी’ विकसित की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश में निवेश सुरक्षित है, यहां बेहतर कानून-व्यवस्था, बड़ा बाजार और कुशल कार्यबल उपलब्ध है।उन्होंने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से उत्तर प्रदेश में निवेश करने का आह्वान किया।







