पंजाब में ‘मेरी रसोई’ योजना की घोषणा, 40 लाख परिवारों को मिलेगी मुफ्त खाद्य सामग्री

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को ‘मेरी रसोई’ योजना शुरू करने की घोषणा की। इस योजना के तहत राज्य सरकार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत लगभग 40 लाख जरूरतमंद परिवारों को आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराएगी।मंत्रिमंडल की बैठक की अध्यक्षता करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य गरीब परिवारों के बच्चों को पर्याप्त और संतुलित पोषण सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पहले से ही पात्र लाभार्थियों को रियायती दरों पर गेहूं उपलब्ध करा रही है और हर नागरिक को स्वस्थ रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
नई योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी परिवार को दो किलोग्राम दाल, दो किलोग्राम चीनी, एक किलोग्राम आयोडीन युक्त नमक, 200 ग्राम हल्दी और एक लीटर सरसों का तेल दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पाया गया है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के कई बच्चों को पर्याप्त पोषण नहीं मिल पा रहा है, जिसे ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।उन्होंने बताया कि खाद्य सामग्री का वितरण तिमाही आधार पर किया जाएगा और योजना का पहला चरण अप्रैल से शुरू होगा। यह योजना मार्कफेड और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के माध्यम से लागू की जाएगी। साथ ही, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर जांच भी की जाएगी।







