Main Slideअन्तर्राष्ट्रीय

कौन था ‘एल मेंचो’? ईनामी ड्रग माफिया की मौत के बाद मैक्सिको में भड़की हिंसा

मेक्सिको में रविवार को एक बड़े सैन्य अभियान के दौरान दुनिया के मोस्ट वांटेड ड्रग तस्करों में शामिल कुख्यात माफिया ‘एल मेंचो’ को मार गिराया गया। रक्षा अधिकारियों के अनुसार, यह ऑपरेशन टापालपा, जलिस्को में चलाया गया था। मुठभेड़ के दौरान वह गोली लगने से घायल हुआ और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। उसकी मौत की पुष्टि होते ही देश के कई हिस्सों में हिंसा और आगजनी की घटनाएं शुरू हो गईं। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि उसके संगठन के सदस्यों ने कई राज्यों में जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है।

59 वर्षीय अपराधी कभी पुलिस विभाग में कार्यरत था, लेकिन बाद में उसने अपराध की दुनिया का रुख किया। वर्ष 2010 के आसपास उसने जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल (CJNG) की स्थापना की, जो बाद में मेक्सिको के सबसे शक्तिशाली और हिंसक आपराधिक संगठनों में शामिल हो गया। यह गिरोह कोकीन, मेथमफेटामाइन और खासकर फेंटानिल जैसे खतरनाक ड्रग्स की तस्करी में सक्रिय था, जिनकी आपूर्ति मुख्य रूप से संयुक्त राज्य अमेरिका में की जाती थी। उस पर अमेरिका ने 1.5 करोड़ डॉलर का इनाम घोषित कर रखा था।

भारतीय दूतावास की एडवाइजरी

मेक्सिको स्थित भारतीय दूतावास ने सुरक्षा को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने जलिस्को (प्यूर्टो वालार्टा, चपाला, ग्वाडलहारा), तमाउलिपास (रेनोसा सहित अन्य नगरपालिकाएं), मिचोआकन, गुएरेरो और नुएवो लियोन में रह रहे भारतीय नागरिकों को अगली सूचना तक घरों में रहने, गैर-जरूरी आवाजाही से बचने और सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।

राष्ट्रपति की प्रतिक्रिया

मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने इस ऑपरेशन को बड़ी सफलता बताया और सेना व खुफिया एजेंसियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अधिकांश क्षेत्रों में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन बड़े अपराधियों के मारे जाने के बाद गैंग छोटे समूहों में बंटकर और अधिक हिंसक हो सकते हैं। उधर, पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लंबे समय से मेक्सिको पर ड्रग तस्करी रोकने का दबाव बनाते रहे हैं। ऐसे में इस कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि उसके मारे जाने के बाद कार्टेल के भीतर सत्ता संघर्ष तेज हो सकता है, जिससे आने वाले दिनों में हिंसा और बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close