Main Slideअन्तर्राष्ट्रीय

मेक्सिको में सैन्य अभियान में कुख्यात ड्रग सरगना एल मेंचो ढेर, देशभर में भड़की हिंसा

मेक्सिको की सेना ने एक बड़े सैन्य अभियान में देश के सबसे ताकतवर और लंबे समय से फरार चल रहे ड्रग माफिया ‘एल मेंचो’ को मार गिराया। एल मेंचो, जिसका असली नाम नेमेसियो ओसेगुएरा सर्वांतेस था, Jalisco New Generation Cartel का संस्थापक और प्रमुख था। यह संगठन अमेरिका और मेक्सिको दोनों की मोस्ट वांटेड सूची में शीर्ष पर शामिल रहा है। रविवार को पश्चिमी राज्य जलिस्को के टापालपा इलाके में विशेष सैन्य बलों ने कई घंटे तक ऑपरेशन चलाया। मेक्सिको के रक्षा मंत्रालय के अनुसार मुठभेड़ के दौरान एल मेंचो को घायल अवस्था में पकड़ा गया था। उसे इलाज के लिए मेक्सिको सिटी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। इस कार्रवाई में कार्टेल के कम से कम चार अन्य सदस्य भी मारे गए।

कई राज्यों में हिंसा और आगजनी

एल मेंचो की मौत की खबर फैलते ही देश के कई हिस्सों में हिंसा भड़क उठी। कार्टेल के सदस्यों और समर्थकों ने जलिस्को, ग्वाडलहारा, प्यूर्टो वालार्टा, मिचोआकन, गुएरेरो और अन्य राज्यों में आगजनी और तोड़फोड़ शुरू कर दी। दर्जनों वाहनों और दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया। कैनकन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गोलीबारी की घटनाएं सामने आईं, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई इलाकों में उड़ानें रद्द कर दी गईं। सेना और सुरक्षा बलों ने हालात पर काबू पाने के लिए शहरों में फ्लैग मार्च और सख्त निगरानी शुरू कर दी है, हालांकि स्थिति अब भी तनावपूर्ण बनी हुई है।

भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी

मेक्सिको में भारतीय दूतावास ने सुरक्षा को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने जलिस्को राज्य (प्यूर्टो वालार्टा, चपाला और ग्वाडलहारा), तमाउलिपास राज्य (रेनोसा सहित अन्य क्षेत्र), मिचोआकन, गुएरेरो और नुएवो लियोन राज्यों में रह रहे भारतीय नागरिकों से अगली सूचना तक घरों के अंदर रहने की अपील की है।एडवाइजरी में कहा गया है कि लोग कानून प्रवर्तन एजेंसियों की कार्रवाई वाले इलाकों से दूर रहें, अपने आसपास की स्थिति पर नजर रखें और अनावश्यक आवाजाही से बचें।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close