Main Slideखेल

T20 वर्ल्ड कप 2026: कनाडा पर 82 रन से जीत के साथ अफगानिस्तान का सफर खत्म, कोच ट्रॉट को भावुक विदाई

T20 वर्ल्ड कप 2026 के 39वें मुकाबले में अफगानिस्तान ने कनाडा को 82 रन से करारी शिकस्त दी। हालांकि इस शानदार जीत के बावजूद टूर्नामेंट में अफगानिस्तान का अभियान यहीं समाप्त हो गया। इसके साथ ही टीम के हेड कोच जोनाथन ट्रॉट का कार्यकाल भी खत्म हो गया। मैच के बाद पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन के दौरान कप्तान राशिद खान काफी भावुक नजर आए और उन्होंने टीम की उपलब्धियों का श्रेय ट्रॉट को दिया।

राशिद खान ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में जोनाथन ट्रॉट ने अफगानिस्तान क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि टीम आज जिस मुकाम पर खड़ी है, उसमें ट्रॉट के मार्गदर्शन का बड़ा योगदान है। राशिद ने कहा कि कोच को विदा करना भावनात्मक पल है, लेकिन आगे बढ़ना जीवन का नियम है। प्लेयर ऑफ द मैच इब्राहिम जादरान ने भी अपना पुरस्कार ट्रॉट को समर्पित करते हुए उनके समर्थन और विश्वास के लिए आभार जताया।

राशिद ने टूर्नामेंट में टीम के प्रदर्शन पर बात करते हुए स्वीकार किया कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली करीबी हार ने टीम को मानसिक रूप से झकझोर दिया था। उन्होंने कहा कि भविष्य में मिडिल ऑर्डर बल्लेबाजी और डेथ ओवरों की गेंदबाजी में सुधार की जरूरत है। साथ ही उन्होंने चेन्नई, अहमदाबाद और दिल्ली के दर्शकों का दिल से धन्यवाद किया। राशिद ने कहा कि भारत में मिले अपार समर्थन ने उन्हें कभी विदेश में खेलने का एहसास नहीं होने दिया।

मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 200 रन बनाए। इब्राहिम जादरान ने 56 गेंदों में नाबाद 95 रन की शानदार पारी खेली। 201 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कनाडा की टीम पावरप्ले में ही 33 रन पर तीन विकेट गंवा बैठी और निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 118 रन ही बना सकी। राशिद खान ने भी 19 रन देकर 2 विकेट चटकाए। यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में अफगानिस्तान की रनों के लिहाज से चौथी सबसे बड़ी जीत रही।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close