पंजाब के सीएम भगवंत मान को बम से उड़ाने की धमकी, 1:11 बजे धमाके का दावा, जांच के बाद निकली अफवाह

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंगलवार को राज्यभर में हड़कंप मच गया। एक अज्ञात ई-मेल के जरिए दोपहर 1:11 बजे विस्फोट करने का दावा किया गया था। हालांकि तय समय गुजरने और सघन जांच के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इसे महज अफवाह करार दिया है। धमकी भरा ई-मेल मिलते ही पंजाब पुलिस और इंटेलिजेंस विंग अलर्ट मोड पर आ गई। एहतियातन पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। खासतौर पर मोहाली और चंडीगढ़ के संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। मुख्यमंत्री की सुरक्षा में भी अतिरिक्त सतर्कता बरती गई।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, निर्धारित समय 1:11 बजे बीत जाने के बाद भी कहीं कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद राहत की सांस ली गई। अब पुलिस की साइबर सेल उस ई-मेल आईडी को ट्रैक करने में जुटी है, जिससे धमकी भेजी गई थी। अधिकारियों ने साफ किया है कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा से खिलवाड़ करने और अफवाह फैलाने वाले शरारती तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। मामले की गंभीरता से जांच जारी है।






