Main Slideमनोरंजन

सलीम खान की तबीयत बिगड़ी, मुंबई के लीलावती अस्पताल में ICU में भर्ती

मुंबई से चिंताजनक खबर सामने आई है। मशहूर स्क्रीनराइटर सलीम खान की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें शहर के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 90 वर्षीय सलीम खान को एहतियातन ICU में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। मीडिया रिपोर्ट्स और न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, स्वास्थ्य बिगड़ने पर उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उनकी तबीयत खराब होने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। परिवार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

खबर मिलते ही परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचने लगे। सलमान खान सबसे पहले अस्पताल पहुंचे। कुछ ही देर बाद अलवीरा खान अग्निहोत्री और आयुष शर्मा को भी अस्पताल के बाहर देखा गया। बताया जा रहा है कि परिवार के अन्य सदस्य भी लगातार अस्पताल पहुंच रहे हैं। सलीम खान हिंदी सिनेमा के प्रभावशाली लेखकों में गिने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अभिनय से की थी, लेकिन पहचान उन्हें लेखन के क्षेत्र में मिली। जावेद अख्तर के साथ उनकी जोड़ी ने 1970 और 1980 के दशक में कई यादगार फिल्में दीं। दोनों ने शोले, जंजीर, दीवार, डॉन, त्रिशूल, शक्ति, मिस्टर इंडिया, हाथी मेरे साथी, सीता और गीता, यादों की बारात और काला पत्थर जैसी फिल्मों की कहानी और संवाद लिखे। उनकी 24 फिल्मों में से 20 बॉक्स ऑफिस पर सफल रहीं।

निजी जीवन की बात करें तो सलीम खान ने 1964 में सलमा खान से शादी की थी। उनके चार बच्चे हैं—सलमान खान, अरबाज खान, सोहेल खान और अलवीरा खान अग्निहोत्री। बाद में 1981 में उन्होंने हेलेन से दूसरी शादी की। परिवार ने अर्पिता खान को गोद लिया था। फिलहाल सभी की नजरें उनके स्वास्थ्य अपडेट पर टिकी हैं और प्रशंसक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close