मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लोहरदगा में बलदेव साहू मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में की शिरकत

झारखंड के लोहरदगा स्थित बीएस कॉलेज स्टेडियम में 9 फरवरी से शुरू हुए बलदेव साहू मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला लोहरदगा और पलामू के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में लोहरदगा की टीम ने पलामू को छह विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में विशेष आकर्षण उस समय बना जब लोहरदगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सदस्य धीरज प्रसाद साहू के आमंत्रण पर क्रिकेट दिग्गज वीरेंद्र सहवाग और हरभजन सिंह कार्यक्रम में पहुंचे।
मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी समारोह में भाग लिया। उनके साथ ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडे, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक राजेश कच्छप, नमन विक्सल कोनगाड़ी, रामचंद्र सिंह, झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कांग्रेस के सह प्रभारी श्रीबेला प्रसाद, झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अजय शाहदेव और सचिव सौरव तिवारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि खेल के माध्यम से आज झारखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हो रहा है। उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय महिला हॉकी टीम की कप्तान झारखंड की हैं और टीम में राज्य की कई खिलाड़ी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इस स्टेडियम के निर्माण में भी उनका सहयोग रहा है और यदि यहां और आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएं तो यह अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बन सकता है। चुनावी माहौल का जिक्र करते हुए उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में खेल बुनियादी ढांचे में और सुधार किए जाएंगे।
वीरेंद्र सहवाग ने लोहरदगा स्टेडियम की सराहना करते हुए कहा कि यदि यहां फ्लड लाइट की व्यवस्था हो जाए तो इसकी भव्यता और बढ़ जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगली बार आने तक स्टेडियम और विकसित रूप में दिखेगा। हरभजन सिंह ने भी स्टेडियम की तारीफ करते हुए कहा कि यहां खेल की अपार संभावनाएं हैं और वे दूसरी बार लोहरदगा आकर बेहद खुश हैं। उन्होंने धीरज प्रसाद साहू से स्टेडियम को और उन्नत बनाने की दिशा में पहल करने का आग्रह किया।
झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अजय शाहदेव ने कहा कि यदि जिला प्रशासन जमीन उपलब्ध कराए तो जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनाने में पूरा सहयोग देगा। धीरज प्रसाद साहू ने भी सहवाग से लोहरदगा में क्रिकेट कोचिंग सेंटर और खिलाड़ियों के मार्गदर्शन में सहयोग की अपील की। मौके पर डीसी, एसपी सहित जिला और पुलिस प्रशासन के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।







