Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट रहे अलंकार अग्निहोत्री ने नई राजनीतिक पार्टी बनाने का किया ऐलान

उत्तर प्रदेश के बरेली में सिटी मजिस्ट्रेट पद पर तैनात रहे अलंकार अग्निहोत्री इन दिनों लगातार चर्चा में हैं। बीते महीने उन्होंने यूजीसी एक्ट समेत कई मुद्दों पर विरोध दर्ज कराते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया और उन्हें निलंबित करते हुए उनके खिलाफ जांच बैठा दी गई। अब अलंकार अग्निहोत्री ने एक और बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने नई राजनीतिक पार्टी बनाने की घोषणा की है। 13 फरवरी 2026 को विजय एकादशी के अवसर पर वृंदावन में बांके बिहारी जी के दर्शन के बाद उन्होंने यह घोषणा की।

क्या कहा अलंकार अग्निहोत्री ने

अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि समाज में एक नए राजनीतिक विकल्प की मांग को देखते हुए वह सनातनी पहचान के साथ नई राजनीतिक पार्टी का गठन करेंगे। उनका कहना है कि वर्तमान व्यवस्था से अलग होकर एक नई दिशा में राजनीतिक कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय समाज के समर्थन और आशीर्वाद के साथ लिया गया है।

चुनाव आयोग में करेंगे आवेदन

अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि जल्द ही भारत निर्वाचन आयोग के समक्ष नई राजनीतिक पार्टी के पंजीकरण के लिए आवेदन किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर उनकी पार्टी अन्य दलों के साथ गठबंधन कर सकती है या फिर स्वतंत्र रूप से चुनाव मैदान में उतर सकती है।

आरोप पत्र सौंपा गया

इस बीच, बीते सोमवार को शामली जिले में जिलाधिकारी द्वारा अलंकार अग्निहोत्री को आरोपपत्र सौंपा गया। उन्होंने जवाब दाखिल करने के लिए एक माह का समय मांगा है। पीटीआई के अनुसार, आरोपपत्र में उन पर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने, सरकारी पद पर रहते हुए जाति आधारित टिप्पणी करने तथा सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन करते हुए विरोध-प्रदर्शन और नारेबाजी में भाग लेने के आरोप लगाए गए हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close