यूपी विधानसभा बजट सत्र: सीएम योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना, कहा- यूपी अब 3T का प्रतीक और देश की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में शामिल

उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सदन को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों के व्यवहार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विपक्ष का आचरण प्रदेश की छवि के अनुरूप नहीं था। उन्होंने शायर गालिब का हवाला देते हुए कहा, “उम्र भर ये भूल करता रहा, धूल चेहरे पर थी और आइना साफ करता रहा।” मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आचरण से पूरा सदन आहत हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते छह वर्षों में प्रदेश ने अव्यवस्था से अनुशासन, समस्या से समाधान और अविश्वास से आत्मविश्वास की ओर यात्रा की है। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान 8 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया गया और संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं रहा, बल्कि 3T—टेक्नोलॉजी, ट्रस्ट और ट्रांसफॉर्मेशन—का प्रतीक बनकर उभरा है। पहली बार सदन में प्रदेश का आर्थिक सर्वेक्षण प्रस्तुत किया गया, जो विचार से व्यवस्था और व्यवस्था से विकास की यात्रा को दर्शाता है।
सीएम योगी ने कहा कि कभी अपनी पहचान के लिए संघर्ष कर रहा उत्तर प्रदेश आज देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में अहम योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने बिना भेदभाव के सभी वर्गों को सशक्त बनाने के निर्णय लिए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले अपराधियों को संरक्षण मिलता था और त्योहारों के समय आशंका का माहौल रहता था। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले दिन से जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई, जिसके परिणामस्वरूप आज प्रदेश में भयमुक्त वातावरण है। रिकॉर्ड पुलिस भर्तियां, महिला सशक्तिकरण और त्वरित आपातकालीन सेवाएं इसका प्रमाण हैं। उन्होंने दावा किया कि अब प्रदेश में दंगों की जगह “टेंपल इकोनॉमी” विकसित हो रही है और धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अयोध्या में बने भव्य राम मंदिर, दीपोत्सव और देव दीपावली जैसे आयोजनों को आत्मगौरव का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि ये आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रचेतना के केंद्र बन चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में अब न दंगा है, न कर्फ्यू, बल्कि शांति और विकास का वातावरण है।
आर्थिक सुधारों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में प्रदेश की जीएसटी संग्रहण ढाई गुना बढ़ी है और राजस्व रिसाव पर प्रभावी रोक लगाई गई है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश व्यापार सुधारों के सभी मानकों को लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। साथ ही, अपराध और बीमारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार माफिया और संक्रामक बीमारियों, दोनों के खिलाफ समान दृढ़ता से कार्रवाई कर रही है। मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान सदन में पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।







