Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

महोबा: मिड डे मील के दूध में पानी मिलाने और प्रधानाध्यापिका के सोने का वीडियो वायरल, प्रिंसिपल मोनिका सोनी निलंबित

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में सरकारी स्कूल के मिड डे मील को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। कबरई ब्लॉक के ढिकवाहा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को दिए जाने वाले दूध में पानी मिलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि रसोइया, प्रधानाध्यापिका की मौजूदगी में बाल्टी में भरे पानी में पैकेट का दूध मिला रही है। एक अन्य वीडियो में प्रधानाध्यापिका बच्चों को पढ़ाने के बजाय स्कूल परिसर में आराम करती हुई नजर आ रही हैं। इन दोनों वीडियो ने जिले में शिक्षा व्यवस्था और मिड डे मील की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामले के संज्ञान में आते ही बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल मिश्रा ने आरोपी प्रधानाध्यापिका मोनिका सोनी को नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा था। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्हें प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें प्राथमिक विद्यालय सिजेहरी से अटैच किया गया है।

गौरतलब है कि मिड डे मील योजना के तहत बच्चों को सप्ताह में 200 मिलीलीटर दूध देने का प्रावधान है, ताकि उन्हें पर्याप्त पोषण मिल सके। लेकिन वायरल वीडियो ने इस व्यवस्था की पारदर्शिता और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा है कि शिक्षा कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close