Main Slideमनोरंजन

उदित नारायण पर पहली पत्नी का गंभीर आरोप, महिला थाने में दर्ज कराई शिकायत

मशहूर गायक उदित नारायण एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उनकी पहली पत्नी रंजना झा ने उनके खिलाफ महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इस शिकायत में उन्होंने उदित नारायण, उनके भाइयों संजय कुमार झा और ललित नारायण झा, तथा उनकी दूसरी पत्नी दीपा नारायण पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रंजना झा ने 10 फरवरी को बिहार के सुपौल जिले के महिला थाने में अपने वकील करुणाकांत झा के साथ पहुंचकर लिखित शिकायत दी। उन्होंने आरोप लगाया है कि वर्षों पहले उनकी जानकारी और सहमति के बिना उनका गर्भाशय (यूट्रस) निकलवा दिया गया था।

रंजना के अनुसार, उनकी शादी 7 दिसंबर 1984 को हिंदू रीति-रिवाजों से हुई थी। उनका कहना है कि 1985 में उदित नारायण सिंगिंग करियर बनाने के लिए मुंबई चले गए। बाद में उन्हें मीडिया के जरिए पता चला कि उन्होंने दूसरी शादी कर ली है। जब भी उन्होंने इस बारे में सवाल किया, तो उन्हें कथित तौर पर गुमराह किया गया। अपनी शिकायत में रंजना ने 1996 की एक घटना का भी जिक्र किया है। उनका आरोप है कि उदित नारायण अपने भाइयों के साथ उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल ले गए थे, जहां मेडिकल ट्रीटमेंट के नाम पर बिना उनकी जानकारी या सहमति के उनका गर्भाशय निकाल दिया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि उस समय दीपा नारायण भी अस्पताल में मौजूद थीं।

रंजना ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें वर्षों तक उपेक्षा और दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि 2006 में उन्हें मुंबई स्थित घर में प्रवेश तक नहीं करने दिया गया। नेपाल में भी उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने बताया कि वह पहले फैमिली कोर्ट और महिला आयोग से भी संपर्क कर चुकी हैं, लेकिन उनकी शिकायतों पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई। मीडिया से बातचीत में रंजना ने कहा कि उदित नारायण कई बार वादे करते हैं, लेकिन उन्हें पूरा नहीं करते। उन्होंने न्याय की मांग की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और संबंधित पक्षों की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया आना बाकी है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close