लैंबोर्गिनी हादसे के आरोपी शिवम मिश्रा को पुलिस ने किया गिरफ्तार, कोर्ट में होगी पेशी

कानपुर में लैंबोर्गिनी कार से हुई दुर्घटना के आरोपी शिवम मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कुछ ही देर में उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस मामले में बुधवार को बड़ा मोड़ तब आया था जब तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा की कथित कार चला रहे ड्राइवर मोहन ने कानपुर कोर्ट में सरेंडर किया था। हालांकि, कोर्ट ने मोहन की अर्जी खारिज कर दी और उसे आरोपी नहीं माना। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि पुलिस रिपोर्ट में आरोपी शिवम मिश्रा है, मोहन नहीं। साथ ही कोर्ट ने कहा था कि लैंबोर्गिनी कार अभी थाने में रहेगी।
ड्राइवर मोहन ने क्या बताया
ड्राइवर मोहन ने अपने वकील नरेंद्र कुमार यादव के साथ कोर्ट में बताया कि हादसे के समय वह कार चला रहा था। उन्होंने कहा कि शिवम मिश्रा को दौरा पड़ गया था, जिससे वह घबरा गया और दुर्घटना हो गई। मोहन ने आगे कहा कि कार का शीशा टूटने और दरवाजा खुलने पर वह कार के नीचे से निकल गया, इसके बाद बाउंसर्स ने शिवम को कार से बाहर निकाला और दूसरी गाड़ी में बैठाया।
दुर्घटना कैसे हुई
यह हादसा रविवार को रिंग वाला चौराहा के पास हुआ, जब तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा की कंपनी से जुड़ी कथित लैंबोर्गिनी रेवुएल्टो तेज गति से नियंत्रण खो बैठी। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार ने पहले एक ऑटो रिक्शा और खड़ी मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, फिर फुटपाथ पर चढ़कर पैदल यात्रियों को कुचल दिया। इस हादसे में ऑटो चालक तौसीफ अहमद और दो मोटरसाइकिल सवार विशाल और सोनू त्रिपाठी घायल हुए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मोटरसाइकिल को इतनी जोर से टक्कर लगी कि सवार कई फीट हवा में उछल गया और कार ने मोटरसाइकिल को कुछ दूरी तक घसीटा।







