Main Slideमनोरंजन

चेक बाउंस केस में जेल गए राजपाल यादव, पत्नी राधा ने इंडस्ट्री के समर्थन पर जताया आभार

बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में हैं। कर्ज की रकम अदा न कर पाने के चलते अदालत के आदेश के बाद उन्होंने सरेंडर कर दिया। इस खबर के सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री से कई कलाकार उनके समर्थन में आगे आए हैं। अब पहली बार उनकी पत्नी राधा यादव ने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया दी है।

एक न्यूज एजेंसी को दिए इंटरव्यू में राधा यादव ने कहा कि इस कठिन समय में फिल्म इंडस्ट्री ने उनका पूरा साथ दिया है। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि कई लोग मदद के लिए आगे आए हैं और परिवार को नैतिक समर्थन दे रहे हैं। राधा ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि मुश्किल घड़ी में मिला यह साथ उनके लिए बहुत मायने रखता है।

राजपाल यादव के जेल जाने की खबर के बाद अभिनेता सोनू सूद सबसे पहले मदद के लिए आगे आए। उन्होंने इंडस्ट्री के अन्य लोगों से भी सहयोग की अपील की। इसके बाद अजय देवगन, नवाजुद्दीन सिद्दीकी, मीका सिंह, कमाल आर खान और गुरमीत चौधरी सहित कई कलाकारों ने समर्थन जताया है। कुछ कलाकार आर्थिक सहायता तो कुछ नैतिक समर्थन देने की बात कर रहे हैं।

यह मामला वर्ष 2010 का बताया जा रहा है, जब राजपाल यादव ने अपने निर्देशन में बनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए एक कंपनी से करीब 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो पाई, जिसके बाद निवेश की रकम वापस नहीं हो सकी। कई चेक बाउंस होने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू हुई।

बताया जाता है कि वर्ष 2024 में अदालत ने उन्हें भुगतान के लिए समय दिया था, लेकिन राशि का इंतजाम न हो पाने पर 10 फरवरी को उन्होंने दिल्ली की तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया। ब्याज जुड़ने के बाद बकाया रकम करीब 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। मामले को लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close