Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

यूपी : 9 लाख करोड़ से अधिक का अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश, बेटियों को शादी पर 1 लाख, 10 लाख युवाओं को रोजगार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने मंगलवार को विधानसभा में 9 लाख करोड़ रुपये से अधिक का अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश किया। योगी सरकार के इस बजट में युवाओं, महिलाओं, किसानों और बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता दी गई है। बजट भाषण में वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार औद्योगिक ढांचे को मजबूत करने, इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार, रोजगार सृजन, कौशल विकास और निवेश आकर्षित करने पर विशेष जोर दे रही है। साथ ही किसानों की आय बढ़ाने और गरीबी उन्मूलन को भी प्रमुख लक्ष्य बताया गया।

युवाओं के लिए बड़े ऐलान

सरकार ने प्रदेश में 10 लाख युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। वित्त मंत्री के मुताबिक, अब तक 9 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है और 5 लाख से ज्यादा युवाओं को विभिन्न कंपनियों में रोजगार मिला है। युवाओं के कौशल विकास के लिए ‘टेक युवा–समर्थ युवा’ योजना शुरू की जाएगी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मिशन की स्थापना की जाएगी। इसके अलावा पीपीपी मोड में विभिन्न जिलों में कौशल संवर्द्धन और जॉब प्लेसमेंट केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

महिलाओं के लिए राहत

सरकार ने गरीब परिवारों की बेटियों की शादी के लिए दी जाने वाली आर्थिक सहायता राशि को 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 1 लाख रुपये करने की घोषणा की है। साथ ही मुख्यमंत्री मातृ सुरक्षा संकल्प योजना को और प्रभावी ढंग से लागू करने का ऐलान किया गया है।

कृषि और ऊर्जा पर जोर

वित्त मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का प्रमुख कृषि उत्पादक राज्य है और गेहूं, धान, गन्ना, आलू, केला, आम, अमरूद, आंवला और पुदीना उत्पादन में अग्रणी योगदान देता है। उन्होंने बताया कि राज्य में ग्रीन और क्लीन एनर्जी को बढ़ावा दिया जा रहा है और अब तक 2815 मेगावाट सोलर पावर परियोजनाएं स्थापित की जा चुकी हैं।

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को व्यापक लाभ पहुंचाया गया है। सरकार ने गन्ना किसानों को रिकॉर्ड भुगतान करने का दावा किया है, जबकि फसल बीमा के अंतर्गत किसानों को बड़ी राशि के रूप में क्षतिपूर्ति प्रदान की गई है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close