Main Slideमनोरंजन

एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के आरोपों पर गोविंदा का जवाब, बोले- ये आरोप मुझ पर कब नहीं लगे

बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा का रिश्ता पिछले कुछ समय से चर्चाओं में है। हाल ही में सुनीता ने दावा किया था कि गोविंदा का एक न्यूकमर के साथ कथित तौर पर ‘एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर’ चल रहा है। अब ‘हीरो नंबर 1’ फेम अभिनेता ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी है। समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में गोविंदा ने कहा, “ये आरोप मेरे ऊपर कब नहीं लगा। शुरू-शुरू में तो लड़कियों को टच करने में भी मेरे हाथ कांपते थे। जो आरोप लगा रहे हैं, वो मेरा बचपन का प्यार है।”

उन्होंने आगे कहा कि प्यार के मामले में उनकी किस्मत कभी खास अच्छी नहीं रही। “जवानी का प्यार भी छोड़ गया। अब अगर कोई कह रहा है कि ये बुढ़ापे का प्यार है, तो लोगों की अपनी सोच है। जैसे सांड को पूरी जिंदगी इस्तेमाल किया जाता है और जब वो खेत जोतने के लायक नहीं रहता तो लोग कहते हैं इसे भेज दो कत्लखाने में, क्या फर्क पड़ता है,” उन्होंने टिप्पणी की।

अपने करियर का जिक्र करते हुए गोविंदा ने कहा कि उन्होंने कई सुपरस्टार अभिनेत्रियों के साथ काम किया है, लेकिन कभी किसी के साथ गलत व्यवहार नहीं किया। “मेरी एक भी हीरोइन यह नहीं कह सकती कि मैंने उसे तंग किया हो या अपशब्द कहे हों। जो हीरोइन मेरे घर आ रही है और मेरे प्रोडक्शन से करियर शुरू कर रही है, मैं उसके बारे में गलत नहीं कहूंगा,” उन्होंने कहा। गोविंदा ने अपने लंबे करियर के लिए निर्देशकों, संगीतकारों और अभिनेत्रियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनकी मां भी एक अभिनेत्री थीं, इसलिए वह किसी भी अभिनेत्री के साथ गलत व्यवहार करने की कल्पना भी नहीं कर सकते।

न्यूकमर्स से मांगी माफी

अभिनेता ने नए कलाकारों से माफी मांगते हुए कहा कि वह किसी को असहज नहीं करना चाहते। “सुनीता ने नाम ले लिया है, इसलिए मैं क्षमा मांगता हूं। मुझे ऐसे शब्द पसंद नहीं। मैं सबके साथ काम करना चाहता हूं। कहीं न्यूकमर्स डर न जाएं कि इसके साथ काम नहीं करना है या इसके प्रोडक्शन में काम नहीं करेंगे,” उन्होंने कहा। गोविंदा ने उन नामों पर भी प्रतिक्रिया दी जिनसे उनका नाम जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा, “जिसका नाम लिया जा रहा है, कोमल, मैं उसका धन्यवाद करता हूं। वह इतने दिनों से चुप है, उसने एक शब्द भी नहीं कहा।”

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close