उत्तर प्रदेशप्रदेश

मथुरा: एक ही परिवार के पांच लोगों ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट बरामद

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में सामूहिक आत्महत्या की सनसनीखेज घटना सामने आई है। महावन थाना क्षेत्र के ग्राम खप्परपुर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर के अंदर से सभी पांचों शव बरामद किए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है। इसके अलावा घर की दीवार पर लिखा मिला है कि मृतक अपनी इच्छा से आत्महत्या कर रहा है। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सुसाइड नोट की जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close