पालघर में भीषण सड़क हादसा, अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज संभाजी पाटिल की फॉर्च्यूनर के उड़े परखच्चे, मौत

पालघर। महाराष्ट्र के पालघर जिले में मुंबई–अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने देश के खेल जगत को गहरे सदमे में डाल दिया है। इस दुर्घटना में अंतरराष्ट्रीय स्तर के निशानेबाज संभाजी पाटिल (27) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी यश प्रशांत चौधरी (22) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हादसा सोमवार देर रात मनोर के पास हुआ, जब संभाजी पाटिल पुणे से गुजरात प्रैक्टिस के लिए जा रहे थे। तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक भारी ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया, दरवाजे मुड़ गए और वाहन के पुर्जे कई मीटर दूर तक फैल गए। बचाव दल ने भी बताया कि वाहन की हालत हादसे की भयावहता खुद बयान कर रही थी।
दुर्घटना में संभाजी पाटिल को बचाने का कोई मौका नहीं मिल सका और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल यश चौधरी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और इलाज चुनौतीपूर्ण है।
संभाजी पाटिल देश के उभरते हुए प्रतिभाशाली निशानेबाजों में गिने जाते थे। वे 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल इवेंट के विशेषज्ञ थे और जूनियर वर्ल्ड कप में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम रोशन कर चुके थे। खेल के साथ-साथ वे पुणे के बालेवाड़ी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेल अधिकारी के रूप में भी सेवाएं दे रहे थे।
उनके असामयिक निधन से खेल जगत में शोक की लहर है। खिलाड़ी, कोच और खेल प्रेमी उन्हें एक अनुशासित, मेहनती और बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी के रूप में याद कर रहे हैं।







