Main Slideराष्ट्रीय

यूपी विधानसभा बजट सत्र आज से शुरू, अखिलेश यादव का योगी सरकार पर हमला

उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत आज यानी 9 फरवरी से होने जा रही है। सत्र शुरू होने से पहले ही विपक्ष ने सरकार को घेरने की रणनीति बना ली है। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सत्ताधारी बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है और बजट को लेकर सवाल उठाए हैं। यूपी विधानसभा का बजट सत्र सुबह 11 बजे राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के विधानमंडल के संयुक्त सत्र को संबोधित करने के साथ शुरू होगा। इसके बाद 11 फरवरी को वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना विधानसभा में राज्य का बजट पेश करेंगे।

बजट सत्र से पहले अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए योगी सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने लिखा कि बीजेपी को नए बजट की तारीफ करने से पहले जनता को पिछले बजट की सच्चाई बतानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी आत्मप्रचार पर बजट से भी ज्यादा खर्च करती है और जनता को भ्रमित करने की कोशिश करती है।

सपा ने बजट सत्र के दौरान सरकार को घेरने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की है। सत्र का पहला दिन हंगामेदार रहने के आसार हैं। सत्र शुरू होने से पहले समाजवादी पार्टी के विधायक विधानभवन परिसर में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद सदन के भीतर राज्यपाल के अभिभाषण का विरोध किया जाएगा। पार्टी ने तय किया है कि वह सत्र के दौरान SIR में कथित गड़बड़ियों को जोर-शोर से उठाएगी। इसके अलावा बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा, खाद संकट और कोडीन सिरप जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।

वहीं दूसरी ओर, बजट सत्र से पहले रविवार 8 फरवरी को विधान भवन में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने की। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों से सदन की कार्यवाही में सकारात्मक सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण मंच है, जहां जनता से जुड़े मुद्दों पर गंभीर और स्वस्थ चर्चा होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि सदन में जनहित के विषयों पर खुलकर बहस हो, ताकि प्रदेश के विकास को नई गति मिल सके।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close