Main Slideप्रदेश

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश-प्रदेश कर रहा चहुंमुखी विकास: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

कुरुक्षेत्र। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को लाडवा दौरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश निरंतर चहुंमुखी विकास की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों व योजनाओं के सकारात्मक परिणाम आज हर क्षेत्र में साफ दिखाई दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित राष्ट्र’ के संकल्प को साकार करने की ओर तेजी से अग्रसर है, लेकिन कांग्रेस को यह प्रगति सहन नहीं हो रही। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विकास कार्यों को देखकर कांग्रेस के पेट में दर्द हो रहा है। अपने शासनकाल में कांग्रेस न तो विकास कर पाई और न ही ऐसी दूरदृष्टि रखी। अब जब वर्तमान सरकार काम कर रही है तो कांग्रेस को वह भी हजम नहीं हो रहा है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यही कारण है कि लोकसभा सत्र के दौरान कांग्रेस का पूरा एजेंडा केवल विरोध तक सीमित रहा। उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस नेताओं के साथ-साथ पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को भी पूरी तरह से नकार दिया है। अब इनके पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे केवल बयानबाजी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार अपने तय लक्ष्यों के साथ लगातार कार्य कर रही है और विकास का यह क्रम आगे भी जारी रहेगा।

जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उपायुक्त को निर्देश दिए कि कलाल माजरा निवासी सुभाष द्वारा सोलर लाइट परियोजना में लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों की गंभीरता से जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट तैयार कर कार्रवाई के लिए भेजी जाए। इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, भाजपा जिला अध्यक्ष तिजेंदर सिंह गोल्डी, भाजपा नेता सुभाष कलसाना, जयभगवान शर्मा डीडी, नगर पालिका चेयरपर्सन साक्षी खुराना, मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता, विकास शर्मा, नरेंद्र दबखेड़ा, अमरेंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close