मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 9 फरवरी को राष्ट्रीय खेल पदक विजेताओं को करेंगे सम्मानित, सीएम कप-2025 का करेंगे शुभारंभ

चंडीगढ़। हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा की खेल नीति देश में सबसे श्रेष्ठ और प्रगतिशील है, जिसके चलते प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से लेकर ओलंपिक पदक जीतने तक 51 हजार रुपये से लेकर 6 करोड़ रुपये तक की नकद प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है, जिससे खिलाड़ी आर्थिक रूप से भी सशक्त बन रहे हैं।
खेल मंत्री ने बताया कि खिलाड़ियों के सम्मान और प्रोत्साहन के लिए 9 फरवरी को गुरुग्राम के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को सम्मानित करेंगे, साथ ही सीएम कप-2025 का शुभारंभ भी करेंगे। गौरव गौतम बुधवार को हरियाणा निवास में आयोजित पत्रकारवार्ता को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि सम्मान समारोह में राष्ट्रीय खेलों के 48 स्वर्ण, 47 रजत और 58 कांस्य पदक विजेताओं सहित खेलों में भाग लेने वाले कुल 689 खिलाड़ियों और कोचों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा भारतीय हॉकी में उत्कृष्ट योगदान और हाल ही में पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ी सविता पूनिया को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। खेल मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक राज्य सरकार द्वारा लगभग 709 करोड़ रुपये की राशि 16,970 खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार और प्रोत्साहन के रूप में प्रदान की जा चुकी है। वहीं वर्ष 2025-26 के दौरान अब तक 662 खिलाड़ियों को 109 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है।
गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा सरकार खिलाड़ियों की सच्ची हितैषी है। प्रदेश में अब तक 1,500 खेल नर्सरियां स्थापित की जा चुकी हैं, जहां 37 हजार से अधिक खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर रहे हैं। इसके अलावा 500 नई खेल नर्सरियां खोलने के लिए खेल विभाग ने आवेदन भी आमंत्रित किए हैं। इन नर्सरियों के माध्यम से खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारा जा रहा है। उन्होंने बताया कि हरियाणा खेल विभाग का लक्ष्य ‘मिशन ओलंपिक 2036’ के तहत 36 पदक जीतना है और इसी दिशा में ठोस रणनीति के साथ कार्य किया जा रहा है। आगामी बजट में भी इस मिशन को ध्यान में रखते हुए खेलों के लिए विशेष प्रावधान किए जाएंगे।
खेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत ऐतिहासिक बजट में खेलों के लिए 33 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। इसके साथ ही प्रदेश के खेल स्टेडियमों के कायाकल्प के लिए 114 करोड़ रुपये की योजना पर काम चल रहा है, जिसका लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इस अवसर पर खेल विभाग हरियाणा के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया और खेल विभाग के अतिरिक्त निदेशक अश्वनी मलिक भी उपस्थित रहे।







