योगी सरकार ने यूपी में 21 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया, लखनऊ–अयोध्या समेत कई जिलों में बड़े बदलाव

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से 21 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस फेरबदल में एडीजी, आईजी, डीआईजी के साथ-साथ कई जिलों के एसएसपी और एसपी स्तर के अधिकारी शामिल हैं। लखनऊ, अयोध्या, गौतमबुद्ध नगर, मेरठ और सहारनपुर जैसे अहम जिलों में बड़े प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं।
लखनऊ जोन के एडीजी बदले गए
जारी आदेश के अनुसार लखनऊ जोन के एडीजी पद पर तैनात 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी सुजीत पांडेय का तबादला कर उन्हें पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन एवं आपात सेवाएं मुख्यालय, लखनऊ में तैनात किया गया है। उनकी जगह 2001 बैच के आईपीएस अधिकारी प्रवीण कुमार को पदोन्नति देते हुए लखनऊ जोन का नया एडीजी बनाया गया है। प्रवीण कुमार इससे पहले अयोध्या रेंज के आईजी के रूप में कार्यरत थे।
2003 बैच के आईपीएस अधिकारी के.एस. इमैन्युअल को आईजी, आर्थिक अपराध शाखा (EOW) के पद से हटाकर आईजी/जीएसओ (पुलिस महानिदेशक) के पद पर नियुक्त किया गया है।संभल में तैनात अपर पुलिस अधीक्षक अनुकृति शर्मा को पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर में अपर पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनात किया गया है। 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी डॉ. कौस्तुभ को जौनपुर से हटाकर गोरखपुर का नया एसएसपी बनाया गया है। वहीं, गोरखपुर में तैनात राज करन नैय्यर को गाजियाबाद कमिश्नरेट भेजा गया है।
मेरठ, सहारनपुर और कानपुर में नए चेहरे
अविनाश पांडेय (2015 बैच) को मेरठ का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है। मौजूदा एसएसपी विपिन टाडा को कानपुर कमिश्नरेट में संयुक्त पुलिस आयुक्त बनाया गया है। 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी अभिनंदन को बस्ती से हटाकर सहारनपुर का नया एसएसपी बनाया गया है।
महिला आईपीएस अधिकारियों के भी तबादले
महिला अधिकारियों के स्तर पर भी अहम बदलाव किए गए हैं। ख्याति गर्ग को मुरादाबाद पीएसी से स्थानांतरित कर खीरी (लखीमपुर) का नया एसपी बनाया गया है। चारू निगम को गाजियाबाद पीएसी से हटाकर सुलतानपुर का एसपी नियुक्त किया गया है। वहीं अपर्णा रजत कौशिक का अमेठी से तबादला कर उन्हें मीरजापुर का नया एसपी बनाया गया है। सरकार का कहना है कि यह प्रशासनिक फेरबदल कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है।







