कर्नाटक विधानसभा में भ्रष्टाचार के आरोपों पर हंगामा, एक्साइज मंत्री आर बी तिम्मापुर के इस्तीफे की मांग

कर्नाटक विधानसभा में मंगलवार रात कांग्रेस सरकार के एक मंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भारी हंगामा हुआ। बीजेपी और उसकी सहयोगी पार्टी जेडी(एस) ने धरना प्रदर्शन करते हुए राज्य के एक्साइज मंत्री आर बी तिम्मापुर के इस्तीफे की मांग की। विपक्ष का आरोप है कि एक्साइज विभाग में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है और शराब लाइसेंस जारी करने के लिए रिश्वत मांगी जा रही है।
विपक्ष के नेता आर अशोक ने दावा किया कि यह कथित घोटाला करीब 6,000 करोड़ रुपये का है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी कांग्रेस इस धनराशि का इस्तेमाल चुनावी राज्यों में पार्टी फंडिंग के लिए कर रही है। यह मामला उस समय और गंभीर हो गया जब 16 जनवरी को बेंगलुरु शहरी जिले के एक्साइज डिप्टी कमिश्नर जगदीश नाइक और दो अन्य अधिकारियों को लोकायुक्त पुलिस ने 25 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। लोकायुक्त के अनुसार, आरोपियों पर CL-7 (होटल और बोर्डिंग हाउस) और माइक्रो ब्रूअरी लाइसेंस जारी करने के लिए 80 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।
वहीं, एक्साइज मंत्री आर बी तिम्मापुर ने बीजेपी की इस्तीफे की मांग को खारिज करते हुए कहा कि बीजेपी सरकार के कार्यकाल में भी किसी मंत्री ने भ्रष्टाचार के आरोपों पर इस्तीफा नहीं दिया था। अपने बचाव में उन्होंने कहा कि एक्साइज विभाग में भ्रष्टाचार कोई नई बात नहीं है और उन्होंने हर स्तर पर इसे कम करने के लिए प्रयास किए हैं। मंत्री ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री सिद्धरामैया के साथ चर्चा के बाद लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। कर्नाटक विधानसभा के विशेष सत्र का आज आखिरी दिन है और इस मुद्दे को लेकर एक बार फिर हंगामे के आसार बने हुए हैं।







