मथुरा: प्राथमिक विद्यालय के हेडमास्टर पर बच्चों को जबरन नमाज पढ़वाने के आरोप, तुरंत निलंबित

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के नौहझील स्थित एक प्राथमिक विद्यालय के हेडमास्टर जान मोहम्मद पर छोटे बच्चों को जबरन नमाज पढ़वाने और धर्मांतरण के प्रयास करने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने हेडमास्टर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। शिकायत पत्र में बताया गया है कि जान मोहम्मद बच्चों को बहला-फुसलाकर इस्लाम धर्म के प्रति प्रेरित करता था और उन्हें नमाज पढ़वाता था। इसके अलावा, वह हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करता और हिंदू धर्म को निकृष्ट बताते हुए उसके विरुद्ध टिप्पणियां करता था।
राष्ट्रगान का भी विरोध
शिकायत में यह भी कहा गया है कि हेडमास्टर के रहते विद्यालय में राष्ट्रगान का गायन नहीं कराया जाता। बच्चों द्वारा राष्ट्रगान करने पर उन्हें फटकार दी जाती थी और हेडमास्टर स्वयं कभी राष्ट्रगान नहीं करते थे। इसके अलावा, महिला कर्मियों के प्रति भी उनके आचरण को अनुचित बताया गया, जिससे महिलाएं शिकायत करने से डरती थीं।
बीजेपी नेता की शिकायत पर कार्रवाई
बाजना मंडल के बीजेपी नेता दुर्गेश प्रधान ने पूरे घटनाक्रम के खिलाफ साक्ष्यों के साथ बीएसए मथुरा को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत के आधार पर खंड शिक्षा अधिकारी की आख्या में जान मोहम्मद को प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया। जान मोहम्मद को तत्काल निलंबित कर प्राथमिक विद्यालय नगला हुमायूं (मांट) से संबद्ध कर दिया गया है। मामले की गहन जांच के लिए बीईओ छाता और बीईओ मांट की एक दो सदस्यीय समिति गठित की गई है, जिसे एक माह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट और आरोप पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।







