पीएम मोदी से सीएम नायब सिंह सैनी की मुलाकात, अंबाला के शहीद स्मारक के लोकार्पण का दिया निमंत्रण

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस उच्चस्तरीय बैठक में प्रदेश के विकास कार्यों और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को अंबाला में बनकर तैयार हुए भव्य शहीद स्मारक के लोकार्पण के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया है। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी के जल्द ही हरियाणा दौरे की संभावना जताई जा रही है।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के आदमपुर एयरपोर्ट का नाम संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के नाम पर रखने के फैसले के लिए प्रधानमंत्री का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे सामाजिक समरसता और समावेशी विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। सीएम सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह निर्णय गुरु रविदास महाराज के समानता, करुणा और मानवता के आदर्शों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। यह पहल देश में सामाजिक सशक्तिकरण का एक नया प्रतीक बनेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदमपुर हवाई अड्डा अब केवल क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास का केंद्र नहीं रहेगा, बल्कि गुरु रविदास महाराज के विचारों और संदेशों का प्रतीक भी बनेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सीएम सैनी ने कहा कि गुरु रविदास महाराज ने सदियों पहले जाति-पाति, भेदभाव और अंधविश्वास के खिलाफ आवाज उठाई थी। उनके नाम से एयरपोर्ट का जुड़ना नई पीढ़ी को सामाजिक समानता और भाईचारे की प्रेरणा देगा। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से गुरु रविदास महाराज के आदर्श वाक्य ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ को अपनाने की अपील की और कहा कि इससे समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा तथा एक सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण में सभी की भागीदारी सुनिश्चित होगी।







