Main Slideप्रदेश

हिमाचल में बर्फबारी के बीच IAF का साहसिक रेस्क्यू, 9,000 फीट से 85 वर्षीय महिला को किया एयरलिफ्ट

हिमाचल प्रदेश के धांडेरवाड़ी क्षेत्र में भारी बर्फबारी के चलते सभी सड़क मार्ग पूरी तरह बंद हो गए थे। ऐसे हालात में एक 85 वर्षीय लकवाग्रस्त महिला की तबीयत गंभीर हो गई, लेकिन रास्ते अवरुद्ध होने के कारण उन्हें समय पर चिकित्सा सहायता मिलना मुश्किल हो गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारतीय वायुसेना ने तुरंत कार्रवाई की। शून्य दृश्यता और लगातार बर्फबारी के बावजूद वायुसेना के चीता हेलीकॉप्टर ने जोखिम भरी उड़ान भरी और महिला को करीब 9,000 फीट की ऊंचाई से सुरक्षित एयरलिफ्ट कर चंडीगढ़ पहुंचाया। समय पर इलाज मिलने से महिला की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

भारतीय वायुसेना द्वारा साझा किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे बर्फ से ढके हेलीपैड पर स्ट्रेचर की मदद से महिला को सुरक्षित रूप से हेलीकॉप्टर तक पहुंचाया गया। वायुसेना ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि यह आपातकालीन मेडिकल एवैकुएशन सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

इससे पहले उत्तर-पूर्वी राज्य मणिपुर में भी भारतीय वायुसेना ने राहत और बचाव कार्यों में अहम भूमिका निभाई थी। द्ज़ुको घाटी में लगी भीषण आग पर काबू पाने के लिए IAF ने लगातार तीन दिनों तक अभियान चलाया और लगभग 40,000 लीटर पानी गिराकर आग बुझाने में मदद की। करीब 9,500 फीट की ऊंचाई पर Mi-17 V5 हेलीकॉप्टरों ने तेज हवाओं, आग और कम दृश्यता के बावजूद पानी गिराने का काम किया।

वायुसेना ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “जहां हवा पतली होती है, वहां संकल्प और मजबूत होता है।” यह अभियान नागालैंड और मणिपुर की सीमा पर स्थित द्ज़ुको घाटी में लगी आग को नियंत्रित करने के प्रयासों का हिस्सा था, जो बाद में मणिपुर की सबसे ऊंची चोटी माउंट इसो तक फैल गई थी। वीडियो फुटेज में ऊंचाई से पैराशूट के जरिए राहत सामग्री गिराते हुए भी देखा गया। भारतीय वायुसेना ने अपने इस पूरे अभियान को “संकट में सतर्क, कर्तव्य में अडिग” बताते हुए अपने संकल्प और साहस का परिचय दिया।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close