Main Slideराष्ट्रीय

डोडा में सेना का वाहन खाई में गिरा, 10 जवान शहीद, 9 घायल

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय सेना के 10 जवानों की जान चली गई। यह दुर्घटना भदेरवाह के खानी टॉप इलाके में हुई, जहां सेना का एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के वक्त वाहन में कुल 17 जवान सवार थे।

सेना अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जानकारी में 4 जवानों के शहीद होने की पुष्टि हुई थी, लेकिन बाद में गंभीर रूप से घायल 6 जवानों ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही सेना और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और दुर्गम इलाके तथा खराब मौसम के बावजूद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। घायल जवानों को मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद एयरलिफ्ट कर उधमपुर के सैन्य अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि 9 जवान घायल हुए हैं, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बनी हुई है।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि डोडा में हुई दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना में 10 बहादुर जवानों के शहीद होने से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि देश उनकी सेवा और सर्वोच्च बलिदान को हमेशा याद रखेगा। उपराज्यपाल ने घायल जवानों के सर्वोत्तम इलाज के निर्देश दिए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। सेना के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहन बुलेटप्रूफ था और जवान ऊंचाई पर स्थित एक पोस्ट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे यह भयावह हादसा हुआ। पुलिस और सेना की टीमें पूरे मामले की जांच में जुटी हुई हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close