Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

हज़ारों कार्यकर्ता, दर्जनों बुलडोजर, 20 किलोमीटर लंबी यात्रा पर मंचों की कतार: कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र में पंकज चौधरी की ग्रैंड एंट्री

रिपोर्ट – अनुराग श्रीवास्तव – कानपुर

कानपुर में भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के पहले दौरे पर अनोखा और चर्चित स्वागत देखने को मिला। दर्जनों बुलडोजर जाजमऊ पुल पर खड़े नजर आए, जो कानपुर सांसद रमेश अवस्थी की ओर से आयोजित इस स्वागत का हिस्सा थे। यह दृश्य सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर तेजी से वायरल हो रहा है, जहां इसे ‘बुलडोजर अंदाज’ में स्वागत करार दिया जा रहा है।

पंकज चौधरी को दिसंबर 2025 में उत्तर प्रदेश भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। वह केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री भी हैं। अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका कानपुर का पहला दौरा था, जिसके लिए भाजपा के छोटे-बड़े सभी नेताओं ने जमकर तैयारी की। 22 जनवरी 2026 को उनका कानपुर पहुंचना था, जहां भव्य रोड शो और जल-थल-आकाश से स्वागत की योजना बनी थी। जाजमऊ पुल से लेकर शहर के विभिन्न हिस्सों तक भगवा रंग में रंगा 20 किलोमीटर लंबा रोड शो प्रस्तावित था। गंगा में नावों पर कार्यकर्ता, आसमान में भगवा गुब्बारे और मछुआरा प्रकोष्ठ की भागीदारी से स्वागत को और यादगार बनाने की तैयारी थी।

 

लेकिन सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरने वाला हिस्सा जाजमऊ पुल पर खड़े दर्जनों बुलडोजर रहे। इन्हें सांसद रमेश अवस्थी के निर्देशन में खड़ा किया गया था, जो कानपुर में प्रवेश करने वाले नए प्रदेश अध्यक्ष का पहला स्वागत स्थल था। यह ‘बुलडोजर स्वागत’ भाजपा की उस छवि से जुड़ा माना जा रहा है, जो विकास और सख्त कार्रवाई दोनों का प्रतीक बन चुकी है। स्थानीय कार्यकर्ताओं ने इसे उत्साह और जोश का प्रदर्शन बताया ।

भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय प्रवक्ता अनूप अवस्थी ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत राजनीतिक से ज्यादा भव्य और अनोखे अंदाज में किया जा रहा है। सांसद रमेश अवस्थी ने भी इस आयोजन की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाई, जिसमें सर्किट हाउस में बैठकें और अन्य व्यवस्थाएं शामिल थीं। यह स्वागत शैली कानपुर में भाजपा की एकजुटता और नए अध्यक्ष के प्रति उत्साह को दर्शाती है, लेकिन बुलडोजरों का इस्तेमाल स्वागत में निश्चित रूप से चर्चा का विषय बना हुआ है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close