वेनेजुएला की विपक्षी नेता मचाडो ने ट्रंप को सौंपा नोबेल शांति पुरस्कार पदक, व्हाइट हाउस में हुई मुलाकात

वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो ने दावा किया है कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात के दौरान अपना नोबेल शांति पुरस्कार पदक उन्हें सौंप दिया। मचाडो के अनुसार, गुरुवार को व्हाइट हाउस में हुई इस मुलाकात के दौरान उन्होंने ट्रंप को यह पदक वेनेजुएला की स्वतंत्रता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के सम्मान में दिया।
मचाडो ने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सत्ता से हटाए जाने के बाद ट्रंप द्वारा वेनेजुएला की कमान संभालने की उनकी क्षमता पर सवाल उठाए जाने के बावजूद, उन्होंने देश की आज़ादी के लिए ट्रंप के रुख की सराहना की। हालांकि, मचाडो ने इस बैठक से जुड़ी ज्यादा जानकारी साझा नहीं की। वहीं, व्हाइट हाउस की ओर से भी यह स्पष्ट नहीं किया गया कि राष्ट्रपति ट्रंप ने यह पदक औपचारिक रूप से स्वीकार किया या नहीं।
इससे पहले नोबेल शांति पुरस्कार देने वाले संस्थान की ओर से कहा गया था कि मचाडो यह पुरस्कार किसी और को नहीं दे सकतीं। वहीं, मचाडो से ट्रंप की मुलाकात से पहले व्हाइट हाउस ने यह कहा था कि यदि वह पदक सौंपने की कोशिश करती हैं, तो उसे स्वीकार करना या न करना पूरी तरह राष्ट्रपति ट्रंप का फैसला होगा। व्हाइट हाउस से निकलकर कैपिटल हिल जाते समय मचाडो ने पत्रकारों से कहा, “मैंने संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति को नोबेल शांति पुरस्कार पदक प्रदान किया है।” उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्होंने “हमारी स्वतंत्रता के प्रति उनकी अद्वितीय प्रतिबद्धता” के चलते दिया।
देश के भविष्य पर भी हुई बातचीत
मचाडो ने यह भी बताया कि व्हाइट हाउस में हुई मुलाकात के दौरान उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप के साथ वेनेजुएला के भविष्य पर चर्चा की। गौरतलब है कि मादुरो की गिरफ्तारी के बाद ट्रंप ने सत्ता संभालने के विकल्प के तौर पर मचाडो को पहले खारिज कर दिया था। यह बैठक ऐसे समय हुई है जब कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज अमेरिका द्वारा मादुरो को सत्ता से हटाए जाने के दो सप्ताह से भी कम समय बाद अपना पहला स्टेट ऑफ द यूनियन भाषण दे रही हैं। ट्रंप और उनके शीर्ष सलाहकारों ने रोड्रिगेज के साथ काम करने की इच्छा भी जताई है।
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर की पुष्टि
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर भी इस मुलाकात का जिक्र किया। उन्होंने लिखा, “आज वेनेजुएला की मारिया कोरिना मचाडो से मिलना मेरे लिए सम्मान की बात थी। वह एक असाधारण महिला हैं जिन्होंने बहुत कुछ सहा है। मारिया ने मेरे द्वारा किए गए कार्यों के लिए मुझे अपना नोबेल शांति पुरस्कार प्रदान किया। यह आपसी सम्मान का एक शानदार उदाहरण है। धन्यवाद, मारिया।”







