मायावती का 70वां जन्मदिन: सीएम योगी ने दी बधाई, बसपा ने आयोजित किए कार्यक्रम

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सुप्रीमो मायावती आज अपना 70वां जन्मदिन मना रही हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके अच्छे स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि वे प्रभु श्रीराम से मायावती के उत्तम स्वास्थ्य और लंबी उम्र की प्रार्थना करते हैं। मायावती के जन्मदिन के मौके पर बसपा की ओर से प्रदेशभर के जिलों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। राजधानी लखनऊ में मायावती पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगी, जहां वे संगठन के सामने भविष्य का रोडमैप भी प्रस्तुत करेंगी।
गौरतलब है कि मायावती 15 जनवरी 2026 को 70 वर्ष की हो गईं। उन्होंने मात्र 40 वर्ष की उम्र में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी। मायावती का जन्म दिल्ली के एक साधारण परिवार में हुआ था। राजनीति में आने से पहले वे एक शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं। बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम से प्रेरित होकर उन्होंने राजनीति में कदम रखा और जल्द ही उनकी प्रमुख उत्तराधिकारी बनकर उभरीं।
चार बार उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री रहीं मायावती
मायावती ने अब तक चार बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और वे भारत की पहली दलित महिला मुख्यमंत्री बनीं। उनका 2007 से 2012 तक का कार्यकाल विशेष रूप से उल्लेखनीय माना जाता है, जब उन्होंने पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। इस दौरान दलित और ब्राह्मण वर्ग के सामाजिक गठजोड़ पर आधारित ‘सोशल इंजीनियरिंग’ का प्रयोग राजनीतिक रूप से सफल रहा।
प्रशासनिक दृष्टि से मायावती को एक सख्त और अनुशासित नेता के रूप में देखा जाता है। उनके कार्यकाल में कानून-व्यवस्था को लेकर उनकी कार्यशैली की सराहना हुई। इस दौरान उत्तर प्रदेश में कई एक्सप्रेसवे, पार्क और स्मारकों का निर्माण कराया गया, जिनमें डॉ. भीमराव अंबेडकर और कांशीराम के सम्मान में बनाए गए स्मारक प्रमुख हैं। हालांकि, इन परियोजनाओं पर हुए खर्च को लेकर उन्हें आलोचनाओं और विवादों का भी सामना करना पड़ा। आज भी मायावती भारतीय राजनीति में करोड़ों दलितों और वंचित वर्गों के लिए आत्मसम्मान और सशक्तिकरण का प्रतीक मानी जाती हैं और बसपा की सर्वोच्च नेता के रूप में उनकी भूमिका अहम बनी हुई है।







