Main Slideमनोरंजन

‘बॉर्डर 2’ के गाने के लॉन्च पर भावुक हुए सुनील शेट्टी, बेटे अहान के संघर्ष को किया याद

सनी देओल, वरुण धवन और अहान शेट्टी जैसे सितारों से सजी फिल्म ‘बॉर्डर 2’ जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। यह फिल्म 23 जनवरी 2026 को दर्शकों के सामने आएगी। फिल्म के तीसरे गाने ‘ऐ जाते हुए लम्हों का’ का म्यूजिक लॉन्च सोमवार, 12 जनवरी को मुंबई में आयोजित एक इवेंट में किया गया। इस मौके पर बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी भी अपने बेटे अहान शेट्टी को सपोर्ट करने पहुंचे, जहां वह भावुक नजर आए और उनकी आंखें भर आईं।

गाने के लॉन्च इवेंट के दौरान सुनील शेट्टी ने अहान के करियर और पांच साल के ब्रेक पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि अक्सर लोगों को लगता है कि स्टार किड होने की वजह से अहान को काम आसानी से मिल जाता होगा, लेकिन सच्चाई यह है कि उसने जिंदगी में काफी कुछ झेला है। सुनील शेट्टी ने भावुक होते हुए कहा, “यह उसकी दूसरी फिल्म है और इतनी बड़ी फिल्म मिलना अपने आप में बहुत बड़ी बात है। यह एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी वाली फिल्म है।”

सुनील शेट्टी ने आगे कहा कि जब अहान इस फिल्म पर काम कर रहा था, तब उन्होंने उससे कहा था कि यह सिर्फ एक यूनिफॉर्म नहीं है, बल्कि देश के साहस और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारत सिर्फ प्रगति के लिए नहीं, बल्कि साहस के लिए भी जाना जाता है और यह साहस देश के जवानों की वजह से है। उन्होंने जवानों के प्रति आभार जताते हुए अहान को हर काम दिल से करने की सीख दी।

अहान के करियर के संघर्ष पर बात करते हुए सुनील शेट्टी ने कहा कि उनकी पहली फिल्म के बाद अहान के जीवन में एक कठिन दौर आया और उसे लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। उन्होंने कहा कि लोगों को लगता है कि वह सुनील शेट्टी का बेटा है, इसलिए सब कुछ आसान होगा, लेकिन ऐसा नहीं है। सुनील शेट्टी ने खुशी जताई कि अहान को ‘बॉर्डर’ जैसी फिल्म का हिस्सा बनने का मौका मिला और कहा कि इससे बेहतर फिल्म किसी कलाकार को नहीं मिल सकती। उन्होंने उम्मीद जताई कि अहान ने इस फिल्म के साथ पूरा न्याय किया होगा। अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी ‘बॉर्डर 2’ साल 1997 में आई सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है। फिल्म में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी, मोना सिंह, सोनम बाजवा, आन्या सिंह और मेधा राणा जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close