Main Slideराष्ट्रीय

अकोला: मस्जिद में चाकू से हमला, कांग्रेस नेता हिदायतुल्लाह पटेल की इलाज के दौरान मौत

अकोला। महाराष्ट्र के अकोला जिले में कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के उपाध्यक्ष हिदायतुल्लाह पटेल पर मस्जिद के भीतर चाकू से किए गए हमले में उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मंगलवार को गंभीर रूप से घायल हुए पटेल ने बुधवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

घटना मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे अकोट तालुका के मोहाला गांव स्थित जामा मस्जिद में हुई। पुलिस ने बताया कि 66 वर्षीय हिदायतुल्लाह पटेल नमाज अदा करने के बाद मस्जिद से बाहर निकल रहे थे, तभी आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया।

हमले में पटेल की गर्दन और सीने में गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अकोट के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें आईसीयू में रखा गया था। बुधवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम की सहायता से साक्ष्य जुटाए। हमले से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

अपर पुलिस अधीक्षक बी. चंद्रकांत रेड्डी ने बताया कि आरोपी उबेद खान कालू खान उर्फ रजिक खान पटेल (22) को पकड़ने के लिए छह पुलिस टीमें गठित की गई थीं। आरोपी को मंगलवार रात करीब 8 बजे अकोट तालुका के पनाज गांव से गिरफ्तार किया गया। घटना के बाद मोहाला गांव और अकोट शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। जिला पुलिस अधीक्षक अर्चित चंडक हालात की निगरानी कर रहे हैं। अकोट ग्रामीण पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close