Main Slideअन्तर्राष्ट्रीय

वेनेजुएला मामले पर चीन का अमेरिका पर हमला, ट्रंप को बताया ‘तेल लूटने वाला’, Xinhua ने कार्टून से साधा निशाना

वेनेजुएला पर अमेरिका के सैन्य हमले और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई देश अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस कदम की निंदा कर रहे हैं और इसे तानाशाही रवैया बता रहे हैं। इसी कड़ी में अब चीन की मीडिया ने भी अमेरिका पर जोरदार हमला बोला है और ट्रंप पर व्यंग्य किया है।

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी सिन्हुआ (Xinhua) ने एक कार्टून जारी कर राष्ट्रपति ट्रंप पर तंज कसा है। एजेंसी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बिना नाम लिए लिखा, “खुद को दुनिया की पुलिस कहने वाला, लेकिन असल में तेल लूटने वाला।” इस कार्टून के जरिए अमेरिका के वेनेजुएला अभियान को तेल हितों से जोड़ते हुए सवाल खड़े किए गए हैं।

इससे पहले चीन के शीर्ष राजनयिक अमेरिका पर ‘दुनिया के जज’ की तरह व्यवहार करने का आरोप लगा चुके हैं। बीजिंग ने संयुक्त राष्ट्र में भी इस मुद्दे पर वॉशिंगटन को घेरा था। चीन के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका की कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय कानून और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के बुनियादी सिद्धांतों का गंभीर उल्लंघन बताया था।

अमेरिकी कार्रवाई की लगातार निंदा कर रहा चीन

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने भी कड़े शब्दों में अमेरिका की आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि कोई भी देश दुनिया का पुलिसकर्मी या अंतरराष्ट्रीय न्यायाधीश बनने का हकदार नहीं है। जिनपिंग ने वेनेजुएला पर हमले को उसकी संप्रभुता पर सीधा हमला और अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताया था। उन्होंने यह भी कहा था कि एकतरफा दादागीरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

वेनेजुएला पर हमला और मादुरो की गिरफ्तारी

गौरतलब है कि शनिवार, 3 जनवरी को अमेरिका ने वेनेजुएला पर ताबड़तोड़ हमले किए थे। इसके बाद अमेरिकी सेना ने राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को हिरासत में लेकर न्यूयॉर्क पहुंचाया। अमेरिका ने मादुरो पर ड्रग तस्करी और नार्को-टेररिज्म से जुड़े गंभीर आरोप लगाए हैं। गिरफ्तारी के बाद सोमवार को उन्हें न्यूयॉर्क के मैनहैटन स्थित फेडरल कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें ब्रुकलिन जेल भेज दिया गया है। इस पूरे घटनाक्रम ने वैश्विक राजनीति में हलचल मचा दी है और अमेरिका की भूमिका को लेकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर तीखी बहस छिड़ गई है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close