Main Slideराष्ट्रीय

1993 मुंबई बम धमाकों का दोषी अबू सलेम भी पैरोल की मांग पर पहुंचा हाईकोर्ट

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम के बाद अब 1993 मुंबई सीरियल बम धमाकों के दोषी और कुख्यात अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम ने पैरोल की मांग की है। नासिक सेंट्रल जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे सलेम ने बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ स्थित अपने पैतृक गांव जाने की अनुमति मांगी है।

याचिका में अबू सलेम ने बताया है कि उनके बड़े भाई अबू हाकिम अंसारी का लंबी बीमारी के बाद 14 नवंबर 2025 को निधन हो गया था। सलेम के मुताबिक, वे अपने भाई को पिता समान मानते थे। उन्होंने 40वें दिन की रस्में अदा करने, कुरान ख्वानी कराने, कब्रिस्तान पर दुआ पढ़ने और शोकाकुल परिवार से मिलने के लिए इमरजेंसी पैरोल की मांग की है।

सलेम ने याचिका में यह भी कहा है कि भाई की तबीयत बिगड़ने के दौरान उन्होंने जेल प्रशासन से नियमित पैरोल की प्रक्रिया तेज करने का अनुरोध किया था, ताकि वे उन्हें जीवित अवस्था में देख सकें, लेकिन उस समय अनुमति नहीं मिल पाई।

गौरतलब है कि हाल ही में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम भी पैरोल पर जेल से बाहर आया है। राम रहीम रेप और हत्या के मामलों में 20 साल की सजा और उम्रकैद की सजा काट रहा है, इसके बावजूद वह कई बार पैरोल पर बाहर आ चुका है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close