Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

लखनऊ में पूर्व सांसद धनंजय सिंह समेत तीन पर FIR, सुशांत गोल्फ सिटी थाने के SHO लाइन हाजिर

जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह के खिलाफ लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है। इस मामले में धनंजय सिंह के साथ जौनपुर के ब्लॉक प्रमुख विनय सिंह और उनके सरकारी सुरक्षा गार्ड को भी नामजद किया गया है। मामला सुशांत गोल्फ सिटी स्थित स्वास्तिका सिटी कॉलोनी का है, जहां 20 फुट चौड़ी सड़क पर अतिक्रमण कर दीवार बनाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हुआ। आरोप है कि यह अतिक्रमण उसी स्थान पर किया जा रहा था, जहां धनंजय सिंह रहते हैं। विवाद के बाद कॉलोनी के निवासियों ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत दर्ज कराई थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, धनंजय सिंह और विनय सिंह के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट और रंगदारी से जुड़े आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि दीवार निर्माण को लेकर हुई झड़प के दौरान विनय सिंह ने स्थानीय लोगों से कहा कि फोन पर धनंजय सिंह हैं और उनसे बात कर लें। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। शिकायत लखनऊ के पुलिस कमिश्नर तक पहुंचने के बाद सुशांत गोल्फ सिटी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस ने जांच शुरू कर दी। इस मामले में लापरवाही के आरोपों के चलते सुशांत गोल्फ सिटी थाने के SHO को भी लाइन हाजिर कर दिया गया है।

FIR में विनय सिंह पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि वह खुद को धनंजय सिंह का रिश्तेदार बताकर कॉलोनी के लोगों को डराते-धमकाते हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि विनय सिंह के दबाव के चलते स्थानीय पुलिस भी पीड़ितों की मदद नहीं करती, जिससे कॉलोनी के निवासी भय के माहौल में रह रहे हैं। फिलहाल इस पूरे मामले में पूर्व सांसद धनंजय सिंह की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब सबकी नजर इस पर है कि वह इन आरोपों पर क्या सफाई देते हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close