अयोध्या राम मंदिर के लिए बेंगलुरु से पहुंची भगवान राम की तंजावुर शैली की भव्य पेंटिंग

अयोध्या। उत्तर प्रदेश की अयोध्या नगरी में स्थित राम मंदिर की भव्यता लगातार और बढ़ती जा रही है। इसी कड़ी में बेंगलुरु से भगवान श्रीराम की तंजावुर शैली की एक भव्य पेंटिंग अयोध्या पहुंची है। यह पेंटिंग भारतीय डाक सेवा के माध्यम से करीब 1,900 किलोमीटर की दूरी तय कर राम नगरी लाई गई। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासनि ने इसे भारत के डाक इतिहास का एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया है।
डाक सेवा के जरिए सुरक्षित पहुंची पेंटिंग
भारतीय डाक की सहायता से यह अनमोल पेंटिंग सुरक्षित रूप से अयोध्या पहुंचाई गई और इसे राम मंदिर ट्रस्ट को सौंप दिया गया है। जानकारी के अनुसार, यह भगवान श्रीराम की तंजावुर शैली में बनी अत्यंत आकर्षक पेंटिंग है, जिसे सोने और कई कीमती रत्नों से सजाया गया है।
पेंटिंग की खासियत
इस पेंटिंग का वजन लगभग 800 किलोग्राम बताया जा रहा है, जबकि इसकी अनुमानित कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपये है। पेंटिंग दान करने वाले दानदाता का नाम गोपनीय रखा गया है। बताया गया है कि जल्द ही इस भव्य कलाकृति को राम मंदिर परिसर में स्थापित किया जाएगा, जिससे मंदिर की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक गरिमा और बढ़ेगी।
केंद्रीय मंत्री ने जताया गर्व
केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासनि ने इस अवसर पर सोशल मीडिया पर कहा कि इंडिया पोस्ट ने सिर्फ एक कीमती वस्तु ही नहीं, बल्कि लाखों लोगों की आस्था और भक्ति को भी अयोध्या तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि पहली बार इतनी भारी और मूल्यवान तंजावुर पेंटिंग को इतने लंबे अंतरराज्यीय सफर के बाद सुरक्षित पहुंचाया गया है, जो डाक कर्मियों की सटीकता, समर्पण और बेहतर समन्वय को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि इंडिया पोस्ट अपनी विश्वसनीयता और प्रतिबद्धता के साथ लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर रहा है और यह राष्ट्रीय गौरव का विषय है।







