हरियाणा विधानसभा में पंजाब मॉडल की गूंज, केजरीवाल बोले– अच्छी नीतियां सीमाएं नहीं देखतीं

चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र से जुड़ा एक वीडियो आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने सोशल मीडिया पर साझा किया है। इस वीडियो को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करते हुए इसे गर्व का विषय बताया है।
अपने ट्वीट में अरविंद केजरीवाल ने लिखा कि यह गर्व की बात है कि आज हरियाणा विधानसभा में भी पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार के जनहितकारी कार्यों की चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार की ‘जिसका खेत, उसकी रेत’ नीति ने पंजाब के किसानों को उनका हक दिलाया है और रेत माफिया पर प्रभावी लगाम लगाई है।
केजरीवाल ने अपने संदेश में यह भी कहा कि अच्छी नीतियां सीमाओं की मोहताज नहीं होतीं और अब दूसरे राज्य भी पंजाब मॉडल अपनाने की बात कर रहे हैं।
अरविंद केजरीवाल के इस ट्वीट को रिट्वीट करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि पड़ोसी राज्य हरियाणा की विधानसभा में पंजाब सरकार के कार्यों की चर्चा होना उनके लिए बेहद गर्व की बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘जिसका खेत, उसकी रेत’ नीति का हवाला देते हुए हरियाणा के किसानों के लिए भी ऐसी व्यवस्था की मांग उठाई गई, जो यह दर्शाता है कि पंजाब सरकार की नीतियां कितनी प्रभावी साबित हो रही हैं।
भगवंत मान ने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में नेक नीति और साफ नीयत के साथ काम कर रही है। इसी का परिणाम है कि आज दूसरे राज्य भी पंजाब मॉडल को अपनाने की बात कर रहे हैं।







