अरपोरा नाइट क्लब अग्निकांड: लूथरा ब्रदर्स में से एक की तबीयत बिगड़ी, पुलिस हिरासत में अस्पताल में भर्ती

नॉर्थ गोवा के अरपोरा स्थित ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब के मालिक लूथरा ब्रदर्स में से एक को बुधवार को सीने में दर्द की शिकायत के बाद मेडिकल जांच के लिए मापुसा जिला अस्पताल ले जाया गया। आरोपी उस समय पुलिस हिरासत में था।
दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट से 48 घंटे का ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा को गोवा लाया गया था। ट्रांजिट के दौरान ही एक आरोपी की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में शिफ्ट किया गया। गोवा पुलिस ने बताया कि दोनों भाइयों को थाईलैंड से डिपोर्ट कर भारत लाया गया था, जिसके बाद उन्हें नई दिल्ली में गिरफ्तार किया गया। इसके बाद गोवा पुलिस ने कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड की मांग करते हुए कहा कि जांच के अहम चरण में आरोपियों की गोवा में मौजूदगी जरूरी है।
गौरव और सौरभ लूथरा अरपोरा में स्थित ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब के मालिक और पार्टनर हैं। 6 दिसंबर को क्लब में आयोजित आतिशबाजी कार्यक्रम के दौरान भीषण आग लग गई थी, जिसमें स्टाफ और पर्यटकों समेत 25 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। पुलिस का आरोप है कि यह कार्यक्रम बिना पर्याप्त फायर सेफ्टी उपकरणों और जरूरी सुरक्षा मानकों का पालन किए आयोजित किया गया था।
पुलिस के अनुसार, क्लब के संचालन, सुरक्षा इंतजाम, परमिशन और इवेंट्स पर दोनों भाइयों का पूरा नियंत्रण था। जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के बाद दोनों आरोपी विदेश फरार हो गए थे। कोर्ट ने FIR, गिरफ्तारी मेमो और केस डायरी की जांच के बाद 48 घंटे का ट्रांजिट रिमांड मंजूर किया और निर्देश दिया कि ट्रांजिट के दौरान आरोपियों को सुरक्षित हिरासत में रखा जाए और आवश्यक मेडिकल सुविधाएं दी जाएं। उम्मीद है कि दोनों आरोपियों को गोवा की स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस आगे की हिरासत की मांग कर सकती है।







