दिल्ली की जहरीली हवा पर CM मान की दो टूक, पराली के नाम पर पंजाब के किसानों को न घसीटने की अपील

नई दिल्ली/चंडीगढ़: देश की राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में एक बार फिर हवा की गुणवत्ता बेहद खराब हो गई है। इस बीच पराली जलाने को लेकर जारी राजनीतिक बयानबाजी पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का सख्त और भावनात्मक बयान सामने आया है। आम आदमी पार्टी के ‘X’ हैंडल पर जारी एक वीडियो संदेश में मुख्यमंत्री ने पंजाब के किसानों का बचाव करते हुए दिल्ली की बिगड़ती हवा के लिए ठोस समाधान पर ध्यान देने की अपील की है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरु नानक साहब ने सदियों पहले हवा को गुरु, पानी को पिता और धरती को मां का दर्जा दिया था। उन्होंने कहा कि पंजाब के किसान आज भी इसी सोच और सम्मान के साथ प्रकृति की रक्षा कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने परोक्ष रूप से उन राजनीतिक दलों और लोगों पर निशाना साधा जो दिल्ली के प्रदूषण के लिए सीधे तौर पर पंजाब के किसानों को जिम्मेदार ठहराते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों पर आरोप लगाना बंद किया जाना चाहिए और वे पूरे देश का पेट पालने वाले अन्नदाता हैं, जिनकी सराहना की जानी चाहिए।
दिल्ली की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी की हवा इस समय बेहद जहरीली हो चुकी है। लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है और हालात इतने खराब हैं कि फ्लाइट्स तक रद्द की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जहां पहले स्वास्थ्य के लिए मॉर्निंग वॉक की सलाह दी जाती थी, वहीं अब डॉक्टर लोगों को सुबह टहलने से मना कर रहे हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि इस गंभीर समस्या का समाधान राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से नहीं, बल्कि जमीन पर ठोस कार्रवाई से निकलेगा। उन्होंने केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार से अपील की कि वे मिलकर प्रदूषण नियंत्रण पर ध्यान दें और इस मुद्दे में पंजाब को न घसीटें।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि पंजाब को राजनीतिक लड़ाई का हिस्सा न बनाया जाए। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि किसानों को खलनायक बताने के बजाय विशेषज्ञों को बुलाकर प्रदूषण की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आरोप लगाने से नहीं, बल्कि वैज्ञानिक और व्यावहारिक उपायों से ही देश को इस संकट से बाहर निकाला जा सकता है।







