पंजाब में मौसम का मिजाज बदला, दिन के तापमान में गिरावट, धुंध और खराब हवा का अलर्ट

पंजाब में बीते 24 घंटों के दौरान बादल छाए रहने से दिन के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। दिन का तापमान सामान्य से करीब 1.8 डिग्री नीचे चला गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को भी राज्य के कई जिलों में बादल छाए रहेंगे, जिससे दिनभर ठिठुरन बनी रह सकती है।
मौसम में आए इस बदलाव का असर वायु गुणवत्ता पर भी साफ नजर आ रहा है। अमृतसर में एयर क्वालिटी रेड अलर्ट स्तर तक पहुंच गई है, जबकि अन्य जिलों में भी एयर क्वालिटी इंडेक्स बढ़ा हुआ दर्ज किया गया है।
13 जिलों में धुंध का अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य में धुंध को लेकर अलर्ट जारी किया गया है, जो अगले 48 घंटों तक प्रभावी रहेगा। यह अलर्ट पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, होशियारपुर, जालंधर, नवांशहर, लुधियाना, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला जिलों में लागू किया गया है।
बादलों से बनी हीटलॉक की स्थिति
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी जा रही है, जबकि दिन का तापमान लगातार गिर रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह स्थिति बादलों के कारण बनी हीटलॉक की वजह से है।
हीटलॉक के दौरान बादल एक कवर की तरह काम करते हैं। रात के समय गर्म हवाएं ऊपर नहीं जा पातीं, जिससे तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं होती। वहीं दिन में धूप नहीं निकलने से ठंड का एहसास बढ़ जाता है।
दिन ठंडा, रात अपेक्षाकृत गर्म
शनिवार को अधिकतम तापमान में 1.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान लुधियाना में 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं फरीदकोट में अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
वायु गुणवत्ता में गिरावट, अमृतसर सबसे ज्यादा प्रभावित
प्रदूषण विभाग के अनुसार शनिवार को अमृतसर में एयर क्वालिटी इंडेक्स 316 दर्ज किया गया, जो रेड जोन में आता है। अन्य शहरों में बठिंडा का एक्यूआई 125, जालंधर 119, खन्ना 188, लुधियाना 133, मंडी गोबिंदगढ़ 122 और पटियाला 182 दर्ज किया गया।
आज प्रमुख शहरों में मौसम का हाल
अमृतसर में हल्के बादल छाए रहेंगे, तापमान 11 से 22 डिग्री के बीच रह सकता है।
जालंधर में भी हल्के बादल रहेंगे और तापमान 11 से 22 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
लुधियाना में हल्के बादल छाए रहेंगे, तापमान 9 से 22 डिग्री के बीच रह सकता है।
पटियाला में तापमान 10 से 24 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।
मोहाली में हल्के बादल रहेंगे और तापमान 11 से 24 डिग्री के बीच रह सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों को धुंध और खराब वायु गुणवत्ता को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है।







