Main Slideअन्तर्राष्ट्रीय

तेल टैंकर जब्ती के बाद अमेरिका – वेनेजुएला तनाव चरम पर, युद्ध जैसे हालात

अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला के तट के पास एक तेल टैंकर जब्त कराने का आदेश दिया, जिसके बाद वेनेजुएला भड़क उठा है। राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए अमेरिका को “दांत तोड़ने” की धमकी तक दे डाली। इस घटना के बाद दोनों देशों के बीच संघर्ष जैसी स्थिति बनती नजर आ रही है।

अमेरिका ने कैरेबियन सागर और पूर्वी प्रशांत में सैन्य उपस्थिति बढ़ा दी है। ट्रंप का दावा है कि जब्त किया गया टैंकर अब तक पकड़ा गया सबसे बड़ा जहाज है, हालांकि उन्होंने इसके बारे में अधिक जानकारी साझा नहीं की। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई कानून प्रवर्तन अधिकार के तहत की गई और इसमें अमेरिकी तटरक्षक बल के कमांडो हेलीकॉप्टर से टैंकर पर उतारे गए।

सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में कमांडो को रस्सी के सहारे टैंकर पर उतरते देखा जा सकता है। अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि यह टैंकर अवैध तेल परिवहन नेटवर्क से जुड़ा हुआ था, जो प्रतिबंधित विदेशी संगठनों की मदद करता था। वेनेजुएला ने जब्ती को “अंतरराष्ट्रीय समुद्री डकैती” बताया और अमेरिका पर उसकी प्राकृतिक संपदा हड़पने का आरोप लगाया।

रिपोर्टों के मुताबिक, यह टैंकर “स्किपर” पहले “एम/टी एडिसा” नाम से जाना जाता था। इसे 2022 में प्रतिबंधित किया गया था, क्योंकि यह कथित तौर पर ईरान और हिजबुल्लाह से जुड़े शैडो नेटवर्क के जरिए तेल की तस्करी में शामिल था। इस जहाज पर करीब 20 लाख बैरल भारी कच्चा तेल मौजूद था। वेनेजुएला दुनिया के सबसे बड़े सिद्ध तेल भंडारों वाला देश है और तेल उसके आर्थिक ढांचे की रीढ़ है। अमेरिका के प्रतिबंधों के बाद वेनेजुएला रूस और ईरान जैसे सहयोगियों पर निर्भर हो गया है। इसी कारण कई शेल कंपनियों और मध्यस्थों के जरिए तेल व्यापार किया जाता है।

टैंकर जब्ती के बाद मादुरो ने कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो वे अमेरिका का “दांत तोड़ देंगे।” वहीं ट्रंप ने भी चेतावनी दी कि जमीन पर कार्रवाई की तैयारी चल रही है, हालांकि उन्होंने इसके विवरण नहीं बताए। अमेरिकी लड़ाकू विमानों की वेनेजुएला की खाड़ी के बेहद करीब उड़ान ने भी हालात को और गंभीर बना दिया है। डेमोक्रेट्स ने ट्रंप के इन कदमों की आलोचना की है, जबकि वेनेजुएला इसे अपनी संप्रभुता पर सीधा हमला मान रहा है। तनाव लगातार बढ़ रहा है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय हालात पर नजर बनाए हुए है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close