Main Slideराष्ट्रीय

इंडिगो का संकट गहराया: 5वें दिन भी सैकड़ों उड़ानें रद्द, देशभर के एयरपोर्ट पर अफरातफरी

नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो का संचालन संकट लगातार गहराता जा रहा है। दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, हैदराबाद, जम्मू जैसे प्रमुख शहरों के एयरपोर्ट पर स्थिति अब भी सामान्य नहीं हो पाई है। यात्रियों की परेशानी बढ़ती जा रही है और सोशल मीडिया पर एयरलाइन के खिलाफ भारी नाराज़गी देखने को मिल रही है।

पिछले चार दिनों में 2,000 से अधिक फ्लाइट्स रद्द हो चुकी हैं। अकेले 5 दिसंबर (शुक्रवार) को 1,000 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुईं, जबकि गुरुवार को 550 से अधिक फ्लाइट्स कैंसिल की गई थीं। इंडिगो का कहना है कि परिचालन को पूरी तरह सामान्य होने में अभी कुछ और दिन लगेंगे।

6 दिसंबर को भी उड़ानें रद्द—एयरपोर्ट्स पर भारी भीड़

शनिवार (6 दिसंबर) को संकट के पांचवें दिन भी सुबह से ही विभिन्न एयरपोर्ट्स पर उड़ानें रद्द होने का सिलसिला जारी है।

सुबह 9 बजे तक रद्द फ्लाइट्स:

  • मुंबई एयरपोर्ट: 109 फ्लाइट्स (51 आगमन, 58 प्रस्थान)

  • दिल्ली एयरपोर्ट: 106 फ्लाइट्स

  • हैदराबाद: 69 फ्लाइट्स

  • अहमदाबाद: 19 फ्लाइट्स (7 आगमन, 12 प्रस्थान)

  • जयपुर: 6 फ्लाइट्स (बेंगलुरु, हैदराबाद, गुवाहाटी, मुंबई, कोलकाता रूट प्रभावित)

  • लखनऊ: 7 फ्लाइट्स (जिसमें 1 एयर इंडिया की)

  • भोपाल: 13 में से 3 फ्लाइट्स रद्द

  • जम्मू: 11 में से 2 उड़ानें रद्द

कई एयरपोर्ट टर्मिनल पर यात्रियों की लंबी कतारें देखी गईं, जबकि कई लोग सीटिंग एरिया में फंसे रहे।

दिल्ली एयरपोर्ट की एडवाइजरी

दिल्ली एयरपोर्ट ने बयान जारी करते हुए कहा: “इंडिगो की फ्लाइट ऑपरेशंस धीरे-धीरे सामान्य होने लग रहे हैं। यात्री घर से निकलने से पहले अपनी बुकिंग और फ्लाइट स्टेटस ज़रूर चेक करें।”

यात्रियों का गुस्सा फूटा, भावुक दृश्य भी

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर एक यात्री को रोते हुए देखा गया, जो घंटों इंतजार के बाद फ्लाइट रद्द होने से परेशान था।
कई यात्रियों ने कहा कि उन्हें किसी तरह की जानकारी समय पर नहीं दी जा रही, जिससे उनकी यात्रा योजनाएँ बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।

केंद्रीय विमानन मंत्री ने दिए जांच के आदेश

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की और कहा:

  • “पहली प्राथमिकता परिचालन को सामान्य करना और यात्रियों को हर संभव सहायता देना है।”

  • “FDTL नॉर्म्स, शेड्यूलिंग और नेटवर्क की समीक्षा की जा रही है।”

  • “एक हाई-लेवल कमेटी गठित की गई है, जो पूरे मामले की जांच करेगी।”

मंत्री ने साफ कहा कि “इस मामले को अनदेखा नहीं किया जाएगा। जो भी जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close