Main Slideप्रदेशराजनीति

पंजाब राजभवन का नाम अब ‘लोक भवन पंजाब’, MHA के पत्र के बाद नोटिफिकेशन जारी

पंजाब राजभवन का नाम बदलकर अब लोक भवन पंजाब कर दिया गया है। इस संबंध में 25 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्रालय से प्राप्त पत्र के आधार पर पंजाब के राज्यपाल के प्रधान सचिव विवेक प्रताप सिंह ने वीरवार को आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी।

राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने वीरवार शाम पंजाब राजभवन में आयोजित विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवस समारोह के दौरान उपस्थित मेहमानों को भी इस बदलाव की जानकारी दी। केंद्र सरकार ने हाल ही में दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास सहित कई अन्य सरकारी भवनों के नाम बदलने का निर्णय लिया था, जिसके निर्देशों के अनुरूप पंजाब राजभवन का नाम भी परिवर्तित किया गया है।

स्थापना दिवस समारोह में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश

लोक भवन पंजाब, चंडीगढ़ में वीरवार शाम एक भारत, श्रेष्ठ भारत पहल के तहत उत्तराखंड, झारखंड, असम और नागालैंड के स्थापना दिवस का संयुक्त समारोह आयोजित किया गया।

राज्यपाल कटारिया ने देशभर में “राजभवन” से “लोक भवन” किए जा रहे बदलाव का स्वागत करते हुए कहा कि यह नामकरण भारत की लोकतांत्रिक भावना और जनभागीदारी की आत्मा को प्रतिबिंबित करता है। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल द्वारा 562 रियासतों के एकीकरण और भारत को विभाजित करने की औपनिवेशिक साजिशों को विफल करने में उनकी ऐतिहासिक भूमिका को भी स्मरण किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मन मोहा

समारोह में चारों राज्यों की सांस्कृतिक, सामाजिक, ऐतिहासिक और भौगोलिक विविधताओं का शानदार प्रदर्शन किया गया।

  • उत्तराखंड ने प्रसिद्ध नंदा देवी पालकी नृत्य और लोकगीत बेड़ू पाको बारामासा प्रस्तुत किए, जो पर्वतीय संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य की झलक दिखाते हैं।

  • झारखंड की ओर से जनजातीय और कृषक परंपराओं पर आधारित पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत हुए।

  • असम ने जीवंत बिहू और बंगुरुंबा नृत्य से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।

  • नागालैंड की प्रस्तुतियों में आकर्षक बांस नृत्य, रंग-बिरंगे जनजातीय नृत्य और वीरता प्रदर्शित करने वाला वारियर डांस शामिल था।

असम और नागालैंड की नृत्य शैलियों का एक विशेष फ्यूज़न भी प्रस्तुत किया गया, जो सांस्कृतिक सौहार्द और एकता का प्रतीक बना।

कार्यक्रम में भारत के अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल सत्य पाल जैन, चीफ सेक्रेटरी एच. राजेश प्रसाद, राज्यपाल के प्रमुख सचिव विवेक प्रताप सिंह, गृह सचिव मनीप सिंह बराड़, वित्त सचिव दिप्रवा लाकड़ा, डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close