Main Slideप्रदेश

श्री आनंदपुर साहिब में वर्ल्ड क्लास यूनिवर्सिटी का ऐलान, तीर्थ स्थलों पर फ्री ट्रांसपोर्ट सुविधा देगी पंजाब सरकार

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने श्री आनंदपुर साहिब में श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित ‘सरबत दे भले दी अरदास’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बड़ा एलान किया। उन्होंने कहा कि श्री आनंदपुर साहिब में एक वर्ल्ड क्लास यूनिवर्सिटी स्थापित की जाएगी, जिसमें विषयों का चयन संगत से सलाह लेकर किया जाएगा। यूनिवर्सिटी में एक विशेष चेयर भी बनाई जाएगी, ताकि लोगों को गुरुओं की शिक्षाओं और दर्शन से अधिक निकटता से जोड़ा जा सके। इसके अलावा गुरुओं की बाणी का दुनिया की विभिन्न भाषाओं में अनुवाद कराया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि श्री अमृतसर साहिब, श्री आनंदपुर साहिब और तलवंडी साबो में गुरुधामों के दर्शन के लिए ई–रिक्शा, मिनी बसें और अन्य परिवहन सुविधाएं सभी श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क उपलब्ध होंगी। इन सेवाओं का पूरा खर्च पंजाब सरकार वहन करेगी।

उन्होंने बताया कि इन तीनों ऐतिहासिक नगरों को एक दिन पहले ही पवित्र शहर का दर्जा दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि समागम के दौरान सफाई, मेडिकल सुविधाएं, टेंट सिटी, रिहायश, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस और सभी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी पूरी निष्ठा से सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद यदि किसी स्तर पर कोई कमी रह जाती है, तो वह उसके लिए खेद व्यक्त करते हैं। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि इस मंच पर कोई पद या सत्ता नहीं, बल्कि सेवा ही सबसे बड़ी है। उन्होंने कहा कि गुरुओं की कुर्बानी के आगे वह स्वयं को धूल के समान भी नहीं समझते। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि उन्होंने कभी एक पैसे की भी बेईमानी की हो, तो उन्हें दंड दिया जाए।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close