रांची वनडे से पहले धोनी के घर पहुंचे कोहली, डिनर के बाद पूर्व कप्तान ने छोड़ा होटल

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज समाप्त होने के बाद अब 30 नवंबर से तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत होगी। पहला मुकाबला रांची में खेला जाएगा। वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया के वे खिलाड़ी, जो टेस्ट दल का हिस्सा नहीं थे, कुछ दिनों पहले ही रांची पहुंच गए। इनमें विराट कोहली और रोहित शर्मा भी शामिल हैं।
यह दोनों वरिष्ठ खिलाड़ी वर्ष 2025 की अपनी अंतिम वनडे सीरीज खेलने उतरेंगे, जिसके बाद वे अगले साल इंग्लैंड दौरे पर वनडे प्रारूप में फिर मैदान में दिखाई देंगे। रांची वनडे से पहले विराट कोहली का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के घर पर डिनर के लिए पहुंचे दिख रहे हैं।
डिनर के बाद धोनी ने खुद छोड़ा कोहली को होटल
2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल में सक्रिय हैं और अधिक समय रांची स्थित अपने घर पर बिताते हैं। साउथ अफ्रीका वनडे सीरीज के पहले मैच से ठीक पहले उन्होंने अपने घर पर डिनर का आयोजन किया, जिसमें विराट कोहली और ऋषभ पंत भी शामिल हुए। इस दौरान सामने आए वीडियो में धोनी खुद गाड़ी चलाकर कोहली को टीम होटल तक छोड़ते नजर आए। उल्लेखनीय है कि कोहली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण धोनी की कप्तानी में ही किया था और उनके बाद सभी प्रारूपों में नेतृत्व संभाला।
अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज कोहली के लिए महत्वपूर्ण
साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज विराट कोहली के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हुई हालिया वनडे श्रृंखला के शुरुआती दो मुकाबलों में वे खाता नहीं खोल सके थे, हालांकि तीसरे मैच में उन्होंने नाबाद अर्धशतक लगाया। कोहली का साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे में अब तक का रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली रहा है।







