बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग जारी, सीमांचल में दिखा जबरदस्त उत्साह

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए सोमवार सुबह मतदान शुरू हो गया। इस चरण में 3 करोड़ 70 लाख से अधिक मतदाता 122 विधानसभा सीटों पर 1302 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाली सरकार के छह से अधिक मंत्री भी मैदान में हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, दूसरे चरण में कुल 45,399 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 40,073 ग्रामीण इलाकों में हैं। कुल मतदाताओं में 1.75 करोड़ महिलाएं शामिल हैं। नवादा की हिसुआ सीट पर सबसे अधिक 3.67 लाख मतदाता हैं, जबकि लौरिया, चनपटिया, रक्सौल, त्रिवेणीगंज, सुगौली और बनमखी सीटों पर प्रत्याशियों की संख्या सबसे ज्यादा 22-22 है।
पहले चरण में 121 सीटों पर मतदान हुआ था, जिसमें 65 प्रतिशत से अधिक वोटिंग दर्ज की गई थी। दूसरे चरण में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज जैसे नेपाल सीमा से सटे जिलों में मतदान हो रहा है। मतदान की शुचिता और सुरक्षा के लिए चार लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।
इस चरण में सीमांचल की सीटें अहम मानी जा रही हैं, जहां मुस्लिम मतदाता निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। एनडीए विपक्ष पर “घुसपैठियों को संरक्षण देने” का आरोप लगा रहा है, जबकि इंडिया गठबंधन अल्पसंख्यक मतदाताओं पर भरोसा जता रहा है। प्रमुख उम्मीदवारों में जेडीयू के बिजेंद्र प्रसाद यादव (सुपौल), भाजपा के प्रेमेंद्र कुमार (गया टाउन), रेनू देवी (बेतिया), नीरेज कुमार सिंह ‘बबलू’ (छातापुर), लेशी सिंह (धमदाहा), शीला मंडल (फुलपरस) और जमा खान (चैनपुर) शामिल हैं। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है। सुबह 9 बजे तक 14.55 प्रतिशत मतदान हो चुका था, जो पहले चरण के मुकाबले अधिक है। पहले चरण में सुबह 9 बजे तक 13.13 प्रतिशत वोटिंग दर्ज हुई थी।
नेताओं ने की अधिक से अधिक मतदान की अपील
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद राजेश वर्मा ने परिवार के साथ मतदान किया। उन्होंने लोगों से लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए मतदान करने की अपील की। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा कि “पहले चरण से भी ज्यादा मतदान कीजिए, व्यवस्था परिवर्तन कीजिए।” उन्होंने दिल्ली ब्लास्ट की घटना को लेकर कहा कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला है और उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “लोकतंत्र में मतदान केवल अधिकार नहीं, दायित्व भी है। सभी मतदाता अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बिहार के मतदाताओं से भारी मतदान की अपील की। उन्होंने कहा, “आज दूसरे और अंतिम चरण की वोटिंग है। बिहार के मतदाता अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाएं। विशेष रूप से पहली बार वोट देने वाले युवा अधिकाधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करें।







