लखीसराय में उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के काफिले पर पथराव, RJD पर लगाया हमला कराने का आरोप

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के दौरान लखीसराय में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर पथराव की घटना हुई। यह घटना खोरियारी गांव की बताई जा रही है। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, जब विजय सिन्हा मतदान के दौरान वहां पहुंचे, तो कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान काफिले पर चप्पलें फेंकी गईं और पत्थरबाजी की गई।
घटना के बाद विजय सिन्हा ने आरजेडी पर हमला बोला और आरोप लगाया कि यह काम आरजेडी के गुंडों ने किया है। उन्होंने कहा, “अभी सत्ता में आए नहीं कि गुंडागर्दी शुरू कर दी। जनता सब देख रही है।”
इधर, राज्य के अन्य हिस्सों में भी मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। पहले चरण में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और राजीव रंजन सिंह ‘ललन’ सहित कई प्रमुख नेताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
राज्य निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, दोपहर 1 बजे तक लगभग 3.75 करोड़ मतदाताओं में से 42.31 प्रतिशत ने मतदान किया। गोपालगंज जिले में सर्वाधिक 46.73 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ, जबकि लखीसराय में 46.37 और बेगूसराय में 46.02 प्रतिशत वोट पड़े।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने गृह नगर बख्तियारपुर में मतदान करने के बाद ‘X’ पर लिखा कि मतदान लोकतंत्र में नागरिकों का अधिकार ही नहीं, बल्कि कर्तव्य भी है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तारापुर में मतदान के बाद कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में जो विकास हुआ है, वह जारी रहना चाहिए। वहीं लखीसराय में मतदान के बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बुर्का पहनी महिलाओं की पहचान की जांच को वोट चोरी रोकने के लिए आवश्यक बताया और कहा कि बिहार में न तो तेजस्वी यादव की सरकार बनेगी, न ही शरीयत कानून लागू होगा।







