लालू यादव के हैलोवीन सेलिब्रेशन पर सियासी संग्राम, बीजेपी ने साधा निशाना

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव अपने पोते-पोतियों के साथ हैलोवीन मनाते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उन पर तंज कसा है। भाजपा नेताओं ने याद दिलाया कि कुछ समय पहले लालू यादव ने महाकुंभ मेले को “फालतू” कहा था, लेकिन अब वे खुद विदेशी त्योहार मना रहे हैं।
31 अक्टूबर को लालू यादव की बेटी और राजद नेता रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर हैलोवीन की तस्वीरें और वीडियो साझा किए। उन्होंने लिखा, “सभी को हैलोवीन की शुभकामनाएं!” वीडियो में लालू यादव अपने पोते-पोतियों के साथ खेलते और तस्वीरें लेते नजर आ रहे हैं, जो इस अवसर पर डरावने और रंगीन परिधानों में नजर आए।
भाजपा किसान मोर्चा ने इस पर तीखा हमला करते हुए एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “मत भूलना बिहारवासियों, यही वो लालू यादव हैं जिन्होंने आस्था और अध्यात्म के प्रतीक महाकुंभ को निरर्थक बताया था। आज वही अंग्रेजों का त्योहार हैलोवीन मना रहे हैं। जो भी आस्था पर प्रहार करेगा, बिहार की जनता उसे कभी वोट नहीं देगी।”
क्या है हैलोवीन?
हैलोवीन एक पश्चिमी त्योहार है, जो हर साल 31 अक्टूबर को मनाया जाता है। इसकी शुरुआत प्राचीन सेल्टिक त्योहार “समहैन (Samhain)” से हुई थी। उस समय लोगों का मानना था कि इस दिन जीवित और मृत आत्माओं की दुनिया के बीच की सीमाएं धुंधली हो जाती हैं, और आत्माएं पृथ्वी पर लौट आती हैं। बाद में यह त्योहार “ऑल हैलोज़ ईव” (All Hallows’ Eve) कहलाया, जो समय के साथ “हैलोवीन” बन गया।
आज के दौर में हैलोवीन एक मनोरंजक और रंगीन उत्सव के रूप में मनाया जाता है। बच्चे और बड़े डरावने या मजेदार परिधान पहनते हैं, कद्दू को तराशकर उसमें मोमबत्ती जलाते हैं (जैक-ओ-लैंटर्न), घर-घर जाकर मिठाइयां मांगते हैं (ट्रिक ऑर ट्रीट), और सजावट व थीम पार्टियों का आनंद लेते हैं।







