दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी से राहत की उम्मीद, मानसून की विदाई शुरू

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में सितंबर के आखिरी हफ्ते में भी लोग झुलसाने वाली गर्मी का सामना कर रहे हैं। रोजाना तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार जा रहा है, जबकि उमस और गर्म हवाओं के कारण महसूस हो रहा है मानो पारा 40 डिग्री से ऊपर पहुंच गया हो। इस बीच, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राहत की खबर दी है। दिल्ली से मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है और 28 से 30 सितंबर के बीच हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे तेज गर्मी से कुछ राहत मिलेगी और धीरे-धीरे तापमान में गिरावट आने लगेगी। अक्टूबर के अंत तक सर्दी दस्तक दे सकती है।
आईएमडी के अनुसार, आमतौर पर मानसून की विदाई 17 सितंबर से शुरू होती है, लेकिन इस बार 15 सितंबर को ही पश्चिमी राजस्थान से इसकी वापसी शुरू हो गई। अब तक राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों से मानसून लौट चुका है। अगले कुछ दिनों में दिल्ली और अन्य राज्यों से भी इसकी विदाई पूरी हो जाएगी।
उत्तर भारत में गर्मी, पूर्वी भारत में बारिश
दिल्ली के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पूर्वी राजस्थान में भी लोग गर्मी से परेशान हैं। मध्य प्रदेश और बिहार के कई इलाकों में भी तापमान बढ़ा हुआ है, हालांकि बिहार के कुछ हिस्सों में बारिश के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की संभावना जताई है, जबकि ओडिशा, महाराष्ट्र और गुजरात में भी अगले हफ्ते तक बारिश हो सकती है।
अक्टूबर के अंत तक ठंड का आगाज़
आईएमडी का अनुमान है कि इस बार 15 अक्टूबर तक पूरे देश से मानसून की विदाई हो जाएगी। इसके बाद अक्टूबर के तीसरे सप्ताह से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और महीने के अंत तक ठंड दस्तक देगी। नवंबर में कई राज्यों में सुबह-शाम कोहरा गिरने लगेगा और लोगों को गुलाबी ठंड का एहसास होगा।