पंजाब में बाढ़ का कहर, जनसेवा बनी उम्मीद

पंजाब इन दिनों भारी बारिश और बांधों के उफान से आई बाढ़ से जूझ रहा है। पठानकोट, गुरदासपुर, फाजिल्का, कपूरथला, तरनतारन, फिरोजपुर, होशियारपुर और अमृतसर समेत कई जिलों में तबाही का मंजर है। इस मुश्किल वक्त में जहां सरकार राहत कार्यों में जुटी है, वहीं कई लोग निस्वार्थ भाव से आगे आकर पीड़ितों की मदद कर रहे हैं।
अस्पताल से ही हालात पर नजर रख रहे सीएम मान
मुख्यमंत्री भगवंत मान फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं, लेकिन वहीं से बाढ़ राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वे उन लोगों से वीडियो कॉल पर बात करते दिखे जिन्होंने बाढ़ प्रभावितों की मदद की है।
सीएम मान ने कपूरथला निवासी प्रीतपाल सिंह से बातचीत में कहा आपने तो कमाल कर दिया। इतने लोगों की मदद करना अमूल्य योगदान है, इसका कोई मोल नहीं लगाया जा सकता। भगवान आपको और उन्नति दे।
प्रीतपाल सिंह की अनोखी पहल
प्रीतपाल सिंह ने राहत कार्य की दिशा ही बदल दी। वे लोहे की फैक्ट्री चलाते हैं, जहां आमतौर पर रेलवे के डिब्बे बनाए जाते हैं। लेकिन हालात बिगड़ते देख उन्होंने फैक्ट्री का काम रोक दिया और बाढ़ पीड़ितों के लिए मुफ्त नावें बनाना शुरू कर दिया। अब तक वे कई जिलों में ये नावें भेज चुके हैं।
नावें बनीं जीवनदायिनी
बाढ़ प्रभावित इलाकों में हर ओर पानी फैला हुआ है। ऐसे में राहत सामग्री पहुंचाने, मरीजों को सुरक्षित निकालने और बचाव दलों की आवाजाही के लिए नावें ही सबसे बड़ा साधन साबित हो रही हैं। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन सभी को इन नावों की जरूरत पड़ रही है।
इंसानियत सबसे बड़ी ताकत” – सीएम मान
सीएम भगवंत मान ने कहा कि संकट की घड़ी में अपने काम छोड़कर लोगों की मदद करना ही पंजाबियों की असली पहचान है। उन्होंने माना कि सरकार और प्रशासन राहत देने में जुटे हैं, लेकिन जनता का सहयोग इस लड़ाई को और मजबूत करता है। यह पहल दिखाती है कि इंसानियत और सहयोग किसी भी आपदा से बड़ा होता है।